Categories

September 15, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

चक्रधरपुर के संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में अचीवर्स डे कार्यक्रम आयोजित, सांसद हुई शामिल, कहा – शिक्षा हमारे जीवन की नींव, मजबूती से करें निर्माण

चक्रधरपुर : शिक्षा हमारे जीवन की नींव की तरह है। जिसे हमें मजबूती से निर्माण करना चाहिए। यह बातें सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने कहीं। वे गुरुवार को चक्रधरपुर के पोटका स्थित संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम में अचिवर्स डे(उपलब्धि दिवस) कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ अनुशासन भी बेहद जरुरी है। बच्चें पढ़ लिखकर स्कूल व क्षेत्र का मान बढ़ाये। कहा कि संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में बेहतर भूमिका निभा रहा है। इसके लिए स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का अहम योगदान है। इससे पूर्व विद्यालय की छात्राओं ने प्रार्थना गीत पेश किया। जिसके बाद सांसद जोबा माझी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मौके पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक से बढ़कर एक गीत, नृत्य, नाटक की प्रस्तुति दी। जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।

इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने स्कूल की परीक्षाओं में बेहतर अंक प्राप्त करने वाले टॉपर विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर हौसला बढ़ाया।जहां पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। वहीं स्कूल के कक्षा नर्सरी से लेकर नौंवी तक के वैसे विद्यार्थी जिसकी स्कूल में उपस्थिति बेहतर रहीं उन विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान स्कूल परिवार की ओर से प्राचार्य फादर पुथुमय राज ने सांसद जोबा माझी व विशिष्ट अतिथि नगर परिषद् के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण देव साह को शॉल ओढ़ाकर व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया। इस मौके पर स्कूल की उप प्रचार्या सिस्टर रानिट समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *