माता आकर्षिणी शक्ति पीठ में आदर्श युवा समिति जगन्नाथपुर लगाएगी सेवा शिविर
सरायकेला – खरसावां के पवित्र माता आकर्षिणी शक्ति पीठ में आखान यात्रा के शुभ अवसर पर 15 जनवरी को प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आदर्श युवा समिति जगन्नाथपुर द्वारा पूजा अर्चना कर सुख, शांति व समृद्धि की मंगलकामना की जाएगी।

इस अवसर पर आदर्श युवा समिति जगन्नाथपुर द्वारा श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क चना, गुड़, नारियल एवं शुद्ध पेयजल का वितरण किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए आदर्श युवा समिति के देवीदत्त प्रधान ने बताया कि आदर्श युवा समिति जगन्नाथपुर द्वारा विगत 27 वर्षों से माता आकर्षिणी शक्तिपीठ पर श्रद्धालुओं की सेवा में शिविर लगाकर चना गुड़ जल के वितरण के साथ ही प्राथमिक उपचार शिविर का भी आयोजन किया जाता है। जिसमें आदर्श युवा समिति जगन्नाथपुर के सेवाकर्मी अहले सुबह ही नहा धोकर माता के चोटी पर पहुंच कर वार्षिक झंडारोहण एवं पूजा अर्चना के उपरांत पहाड़ी के नीचे माता के भक्तों की सेवा करने हेतु सज धज कर तैयार रहते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आज से 27 वर्ष पहले जब इस शिविर का शुभारंभ किया गया था, उस समय आज के जैसे माता के परिसर का विकास नहीं हो पाया था। उस समय पानी हेतु काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उसी के समाधान के लिए आदर्श युवा समिति जगन्नाथपुर के दूरदृष्टि सेवाकर्मियों ने इस प्रकार का बीड़ा उठाया था, जो आज भी अनवरत जारी है। जिसमें क्षेत्र के सभी समाजसेवी, बुद्धिजीवी, नेतागण पहुंचकर सेवाकर्मियों का हौसला अफजाई करते हुए देखे जाते हैं ।उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा है कि एक बार जरूर माता के दरबार में आए और विशेष कर आदर्श युवा समिति जगन्नाथपुर के शिविर में आकर उनके सेवाकर्मियों को सेवा करने का मौका अवश्य प्रदान करें।
