अशोका इंटरनेशनल स्कूल में मनाया गया वार्षिक समारोह

खरसावां- अशोका इंटरनेशनल स्कूल मारांगहातु का वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन विद्यालय के तृतीय शाखा मारांगहातु शाखा स्थित विद्यालय में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में कुचाई थाना के एएसआई अनिल कुमार, विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोका फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक कुमार प्रधान, कुचाई प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल की प्रभारी प्राचार्या विजयालक्ष्मी प्रधान तथा मारांगहातु के समाजसेवी मंगल सिंह सोय उपस्थित रहे जिनका स्वागत अशोक फाउंडेशन के निदेशक सत्यनारायण प्रधान द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों तथा विद्यालय के निदेशक सत्यनारायण प्रधान द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया, इसके पश्चात सभी अतिथियों को विद्यालय की प्राचार्या सारिका कुमारी द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं ने कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये। इसके पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों द्वारा पूर्व संपादित खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में बिस्किट रेस में लक्ष्मण हेंब्रम एवं मनजीत बेहरा, बैलून रेस में अंकित सोय एवं शिवम महतो, रनिंग में रामचंद्र हेंब्रम, अनुभव महतो ,विकास मुंडा, स्पून रेस में प्रदीप सोय, फ्रोग रेस और सेक रेस में तुषार कालिंदी को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय क्रियाकलापों में फैंसी ड्रेस में दिशोम चंद्र गगराई , वेज स्टॉल में अनुष्का सोय, स्टॉकिंग डेकोरेशन में राजेंद्र सोय तथा रेगुलर स्टूडेंट में कुश सोयको विजेता के रूप में पुरस्कृत किया गया।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक सत्यनारायण प्रधान ने छात्र-छात्राओं के प्रयास की सराहना की, विद्यालय की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताया एवं सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। मुख्य अतिथि एएसआई अनिल कुमार ने भी विद्यालय की काफी प्रशंसा की एवं क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार एवं सहयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्घोषण नीलम बाउरी और रोशनी कुमारी, संचालन प्राचार्या सारिका कुमारी एवं संयोजक सौरभ दुबे तथा वोट आफ थैंक्स सरिता तिरिया द्वारा किया गया एवं सभी गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे।
