कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाताओं को किया जागरूक
सरायकेला : लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में लोक कला मंच के कलाकारों द्वारा सरायकेला के दीवानसाई व मुरूप में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाताओ को जागरूक किया। कलाकारों ने बहकावे में तुम कभी नही आना, सोच समझकर बटन दबाना, छोड़कर अपने सारे काम, पहले चलो करें मतदान, वोट देना गर्व है, जनता का यह पर्व है का संदेश नाटक के माध्यम से दिया।

नाटक के माध्यम से उपस्थित आम जन मानस को मतदाता के महत्व के बारे में समझाया गया।पिछले लोकसभा चुनाव में जिन पोलिंग बूथ पर मतदान प्रतिशत कम रहा है उनपर विशेष फोकस कर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान आम लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
