समाहरणालय परिसर से उपायुक्त ने हरी झंडी दिखा कर “पठन जागरूकता रथ” को किया रवाना
सरायकेला-खरसावां, 09 सितंबर, 2026, बुधवार (भाग्य सागर):
बच्चों में नियमित पठन की आदत विकसित करने, पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने तथा जिले में पठन संस्कृति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय से पठन जागरूकता रथ को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया. जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों तक पठन आधारित गतिविधियों को पहुंचाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को पुस्तकों एवं पठन गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है.
पठन जागरूकता रथ के माध्यम से विद्यालयों में बच्चों के साथ पठन आधारित एवं रोचक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा. बच्चों को आयु-उपयुक्त एवं रुचिकर पुस्तकों से जोड़ने, स्वतंत्र रूप से पढ़ने के लिए प्रेरित करने तथा पढ़ी गई कहानियों एवं विषयों पर चर्चा करने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. साथ ही बच्चों में पुस्तकों के प्रति रुचि विकसित करने एवं नियमित पठन की आदत को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर रहेगा. इस पहल का उद्देश्य पठन को केवल पाठ्यपुस्तकों एवं परीक्षाओं तक सीमित न रखते हुए बच्चों के सीखने और आनंद का हिस्सा बनाना है.
पठन जागरूकता रथ की पहल Foundational Literacy and Numeracy (FLN) के लक्ष्यों को सुदृढ़ करने में भी सहायक होगी. विद्यालय स्तर पर पठन गतिविधियों को बढ़ावा देकर बच्चों के बुनियादी भाषा कौशल एवं सीखने की क्षमता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा.
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार सहित जिले के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे.


