बाघरायडीह में भगवान कृष्ण और उद्धव का संवाद की कथा सुन श्रद्धालु हुए भाव विभोर
खरसवां प्रखण्ड अन्तर्गत बाघरायडीह गाँव के राधा कृष्ण मन्दिर प्रांगण में चल रही नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के आठवें दिन कथावाचक नागेश्वर प्रधान ने भगवान कृष्ण और उद्धव के सुंदर प्रसंग का वर्णन किया। इसे सुनकर सभी श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। कथावाचक ने कहा एक समय भगवान श्री कृष्ण उदास बैठे थे, तभी उनके मित्र व परम भक्त उद्धव जी उनके पास आए और उनसे पूछा कि हे वासुदेव ऐसी कौन सी बात है, जिससे आप उदास हैं।

तब श्री कृष्ण ने कहा कि हमें गोपियों की याद सता रही है। आप गोकुल जाओ और गोपियों को समझाओ कि कृष्ण जल्द गोकुल लौटेंगे। जब उद्धव ने गोपियों से श्रीकृष्ण प्रेम मोह छोड़ने की बात कही तो गोपियों ने कहा कि जिसे प्रेम का ज्ञान नहीं, वह ज्ञानी नहीं हो सकता। गोपियों का श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम देख उद्धव का अभिमान चूर चूर हो गया।महाराज ने कथा का सारांश बताते हुए कहा कि उद्धव के ज्ञान का अभिमान भगवान ने दूर किया। अतः हमें अपने ज्ञान पर घमंड नहीं करना चाहिए। कथावाचक ने आगे कहा कि भक्ति में बड़ी शक्ति है।

कहा भी गया है-जा पर कृपा राम की होई, ता पर कृपा करहिं सब कोई…। इस मौके पर बसंत प्रधान, कृष्ण कुमार प्रधान,दिनेश प्रधान, रधावल्लभ प्रधान, अजीत प्रधान,सरंगो प्रधान अजीत सरदार, हिरेन प्रधान, सुरेन प्रधान, डाकटर प्रधान, विष्णु प्रधान, हेमसागर प्रधान, बसुदेव प्रधान समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।
