पूर्व मंत्री सरयू राय ने सीएम चंपाई सोरेन को लिखा पत्र.. स्वास्थ्य विभाग में 24 डॉक्टरों की नियुक्ति पर विस में उठाया सवाल… असंवैधानिक नियुक्ति रद्द की मांग..
रांची : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सह पूर्व मंत्री सरयू राय ने झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखण्ड सरकार केसंख्या-101(3), दिनांक 05.02.2024 द्वारा 24 डॉक्टरों कीअवैध प्रतिनियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए रद्द करने की मांग की है..उन्होंने सीएम को पत्र लिखने के साथ ही मंगलवार को झारखंड विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है..उन्होंने सीएम को लिखें पत्र में कहा कि अधिसूचना की प्रति संलग्न है, जो स्वतः स्पष्ट है।

गत 31 जनवरी, 2024 की शाम को तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा अपने पद से त्यागपत्र दिये जाने तथा उसी रात माननीय राज्यपाल महोदय द्वारा उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिये जाने के बाद तत्कालीन सरकार स्वतः भंग हो गई।तदुपरांत दिनांक 02 फरवरी, 2024 को झारखण्ड के मुख्यमंत्री के रूप में भवदीय का शपथ ग्रहण हुआ और संसदीय कार्य विभाग छोड़कर सभी विभागों के मंत्री आप स्वयं हो गये। गत 31 जनवरी की शाम और आपके शपथ लेने के बीच की अवधि में झारखण्ड में कोई सरकार नहीं थी।परंतु इस बीच में स्वास्थ्य विभाग में उपर्युक्त विषयक अधिसूचना तैयार हो गई और जिस दिन आपके सरकार ने विधान सभा में विश्वास मत प्राप्त किया उसी दिन, यानी 05 फरवरी, 2024 को, यह अधिसूचना निर्गत हो गई।

इस बारे में संबंधित संचिका पर अवश्य ही किसी सक्षम प्राधिकार का इस आशय का आदेश हुआ होगा।जब भी कोई सरकार बदलती है तो सरकार के अपदस्थ होने के समय जो भी निर्णय संचिका में लिये जाते हैं, उनकी अधिसूचना तत्काल प्रभाव से रोक दी जाती है। परंतु इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सरकार के अपदस्थ होने के बाद उपर्युक्त विषयक अधिसूचना को निर्गत कर दिया है, जो पूर्णतः अवैधानिक है। आश्चर्य है कि उपर्युक्त विषयक अधिसूचना में स्वास्थ्य विभाग ने 24 चिकित्सकों की एकमुश्त प्रतिनियुक्ति की है। कार्यपालिका नियमावली के प्रासंगिक प्रावधानों के अनुरूप ऐसी प्रतिनियुक्तियाँ माननीय मुख्यमंत्री से आदेश लिये बिना नहीं की जा सकती हैं।

इस संबंध में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अथवा सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में आपने ऐसी किसी संचिका पर आदेश दिया है अथवा नहीं इस विषय में स्वास्थ्य विभाग से आपके स्तर पर जानकारी प्राप्त की जानी चाहिए।
