Categories

September 15, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

पूर्व सांसद पद्मभूषण कड़िया मुंडा अस्पताल में भर्ती, CM हेमंत ने जाना हाल

रांची : भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा की तबीयत मंगलवार को अचानक खराब हो गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर रांची के मेडिका मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।

डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है और कुछ जरूरी टेस्ट भी किए गए हैं। डॉ विजय मिश्रा की देखरेख में मेडिकल टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार कड़िया मुंडा की स्थिति अभी स्थिर है, और उन्हें आईसीयू से उनके कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है।

CM हेमंत सोरेन ने जाना हालचाल

आज CM हेमंत सोरेन मेडिका अस्पताल पहुंचे और वहां इलाजरत पूर्व सांसद कड़िया मुंडा से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाया गया अस्पताल

कड़िया मुंडा की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उनके आवास खूंटी से ग्रीन कॉरिडोर के जरिये रांची लाया गया। खूंटी और रांची पुलिस के सहयोग से एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए थे। करीब 30 मिनट में उन्हें मेडिका अस्पताल पहुंचाया गया।

पहले भी बिगड़ी थी तबीयत

बता दें कि पद्मभूषण से सम्मानित कड़िया मुंडा की तबीयत दो साल पहले न्यूमोनिया के कारण खराब हुई थी। इसके बाद जनवरी 2025 में भी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय ब्लड शुगर लेवल गिरने और बेचैनी महसूस होने पर उन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौटे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *