Categories

September 17, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

निर्दलीय उम्मीदवार जितेंद्र सिंह ने साकची व हरहरगुटू में की नुक्कड़ सभा, साकची सहित तमाम क्षेत्रों में किया जनसंपर्क

जनता ने दिलाई जीत तो दिलाएंगे तीसरे मत का अधिकार : जितेंद्र

जमशेदपुर : जमशेदपुर संसदीय सीट से निर्दल उम्मीदवार जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को साकची गोलचक्कर और हरहरगुटू में नुक्कड़ सभा की. यहां लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने अपना समर्थन देकर विजय दिलाई तो मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगरपालिका का चुनाव कराकर यहां के लोगों को तीसरे मत का अधिकार दिलाएंगे. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील में स्थाई स्वभाव के कार्यों में कार्यरत अस्थाई मजदूरों का अविलंब स्थाई करवाएंगे. टाटा मोटर्स में बाईसिक्स के नाम पर सालों से कार्यरत अस्थाई मजदूरों को अविलंब स्थाई कराएंगे.

उन्होंने कहा कि लगातार तीन चुनावों से भाजपा और झामुमो जमशेदपुर की जनता के साथ धोखा कर रहे हैं. तीन चुनावों से ये दोनों राजनीतिक दल फिक्स मैच खेल रहे हैं. भाजपा के सामने झामुमो लगातार कमजोर उम्मीवार दे रहे है और फिक्स मैच के तहत भाजपा को जिता रही है. इस खेल में कांग्रेस भी इनके साथ है. इसीलिए इस खेल का विरोध नहीं कर रही है. यही कारण है कि कांग्रेस से इस्तीफा देकर मैं चुनाव मैदान में आया हूं. यह लड़ाई जनता की है. जनता के लिए है और जनता ही इस लड़ाई को लड़ रही है. अपने सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान जितेंद्र सिंह ने पूरे साकची बाजार में पदयात्रा की और लोगों से जीत का आशीर्वाद मांगा. उन्होंने लोको फुटबॉल मैदान हरहरगुटू, मछुआ बस्ती, कीताडीह, करनडीह, बागबेड़ा व सुंदरनगर आदि क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों ने जीत का आशीर्वाद मांगा.

जनसंपर्क व नुक्कड़ सभा के दौरान उन्होंने लागों को बताया कि उनका चुनाव निशान ट्रक है और इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में यह क्रम संख्या 18 पर है. उनके काफिले में उनके साथ चल रहे लोग जितेंद्र सिंह के पक्ष में जोरदार नारेबाजी कर रहे थे. जनसंपर्क के दौरान मुख्य रूप से उनके साथ बी श्रीनिवास, किशनलाल महतो, शकील अहमद, तौशीफ खान, शंभु सिंह, अशोक सिंह, समीर दास, अभिषेक मिश्रा, करण व योगेश सहित दर्जनों लोग थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *