महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जल जीवन मिशन 2.0 अंतर्गत जिले में ‘जल जन भागीदारी अभियान’ का शुभारंभ
सरायकेला, 02 अक्टूबर 2026,
शुक्रवार (भाग्य सागर):
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आज जल जीवन मिशन 2.0 अंतर्गत ‘जल जन भागीदारी अभियान’ सरायकेला-खरसावां जिले में शुभारंभ किया गया। सरायकेला, कुचाई, एवं राजनगर प्रखंड के चार ग्राम पंचायतों में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जन जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जल अर्पण, जल संचयन, जल श्रृंगार, जल यात्रा एवं प्रभात फेरी सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्रवार स्थानीय मुखिया, ग्राम प्रधान, जल सहिया, वार्ड सदस्य, स्वयं सहायता समूह की दीदियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल स्रोतों की देखरेख तथा पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया।

जल जीवन मिशन 2.0 अंतर्गत 02 से 15 अक्टूबर 2026 तक जल जनभागीदारी अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल अर्पण, जल संचयन, जल श्रृंगार, जल यात्रा, प्रभात फेरी, जल चौपाल, पौधारोपण, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, डिबेट एवं निबंध प्रतियोगिता तथा हाथ धुलाई कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा आम जनों से जल जन भागीदारी अभियान में सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण को सामुदायिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की अपील की गई है।

