राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिला प्रशासन ने अर्पित की श्रद्धांजलि
सरायकेला, 02 अक्टूबर 2026, शुक्रवार (भाग्य सागर):
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री, लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सरायकेला पुराने बस स्टैंड परिसर स्थित
महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं समाहरणालय परिसर में स्थापित तैलचित्र पर तथा भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की कोर्ट मोड़, सरायकेला स्थित प्रतिमा एवं समाहरणालय में स्थापित तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी, उप विकास आयुक्त, रीना हांसदा, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त, नितिश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन एवं कार्य व्यवहार में अपनाने पर बल दिया, स्वच्छता को जन भागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज एवं प्रशासन के लिए मार्गदर्शक हैं।

पुलिस अधीक्षक, मनोज सर्वगिंयारी ने अपने संबोधन में भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए सार्वजनिक दायित्वों के निर्वहन में ईमानदारी, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज एवं राष्ट्रहित में योगदान देने का संदेश दिया।

