अवैध उत्खनन स्थल पर पहुंचे जेडीयू विधायक सरयू राय, कहा : सीबीआई, ईडी करे जांच, देखें VIDEO
धनबाद.जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के जमुनिया में अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसने से कई मजदूर दब गए. घटना की जानकारी मिलने पर जमशेदपुर पश्चिमी से विधायक सरयू राय और गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी मौके पर पहुंचे. दोनों नेताओं ने अवैध उत्खनन वाली जगह का मुआयना किया।
सीबीआई और ईडी से हो मामले की जांच : सरयू राय
जेडीयू विधायक सरयू राय ने पूरे मामले को लेकर भारत सरकार से सीबीआई और ईडी द्वारा जांच की मांग की है. इसके साथ ही राज्य सरकार से घटना की एसीबी जांच की मांग की है. निरीक्षण के दौरान मौके पर एक कुआंनुमा जगह पाई गई. जिसमें बांस और बल्ली लगे हुए थे. उसे प्लास्टिक से ढका गया था. इसके ठीक बगल में भी अवैध उत्खनन स्थल देखा गया. जिसे तत्काल भरा गया है. घटनास्थल पर चप्पल, टोकरी, बर्तन, पानी की बोतल भी मिली है।

रात में ही मिल गई थी मामले की जानकारी : सरयू राय
विधायक सरयू राय ने कहा कि मुझे रात में ही सूचना मिली थी कि अवैध खनन के दौरान चाल धंसी है. जिसमें करीब ’15 मजदूर’ दबे हैं. इस बात की तत्काल जानकारी, धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार को दी. जिस पर एसएसपी ने मामले को देखने की बात कहीं. विधायक ने कहा कि इस हादसे के लिए भारत सरकार की बीसीसीएल और सीआईएसएफ के अलावा स्थानीय जिला प्रशासन जिम्मेदार है. सरयू राय ने इस मामले में ट्वीट किया है।

सशस्त्र दस्ते के दम पर हो रहा है अवैध खनन
सरयू राय ने बताया कि अवैध खनन करने वाले, अपना एक सशस्त्र दस्ता बन चुके हैं. यह सशस्त्र दस्ता बाहर से अवैध उत्खनन क्षेत्र की पहरेदारी करता है. मीडिया अगर ऐसे मामलों पर कवरेज करने जाती है तो उन्हें भी हथियार के दम पर रोक दिया जाता है. क्योंकि मीडिया आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती है।

शासन और प्रशासन की मिलीभगत
विधायक सरयू राय ने कहा कि अवैध कोयले के उत्खनन के लिए, बाहर से मजदूरों को लाया जाता है. उनके परिवारों को यह पता नहीं होता कि उनका आदमी काम करने के लिए कहां गया है? शासन और प्रशासन की मिलीभगत से इसी तरह से अवैध उत्खनन चलते रहे तो हमारे जैसे लोग मामला उठाते रहेंगे. क्योंकि इस पर अंकुश लगाना जरुरी है. उन्होंने बताया कि जांच के लिए एनडीआरएफ की टीम आ रही थी लेकिन उसे रोक दिया गया. एनडीआरएफ की टीम को रोका जाना शासन की मिलीभगत की बात सामने लाती है।

धनबाद में सीबीआई का ऑफिस तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
विधायक सरयू राय ने सीबीआई पर भी सवाल खड़ा किया है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से रांची में सीबीआई का मुख्यालय है. धनबाद में भी सीबीआई का मुख्यालय स्थित है लेकिन सीबीआई मामले में संज्ञान नहीं ले ही है. सीबीआई किसके आदेश की प्रतीक्षा कर रही है यह तो वही बता सकते हैं. गृह मंत्रालय को जांच के लिए सीबीआई को आदेश देना चाहिए. धनबाद में सीबीआई का ऑफिस होते हुए भी उसके तरफ से कार्रवाई नहीं की जा रही है. विधायक ने कहा कि सबसे पहले बीसीसीएल के जीएम पर कार्रवाई करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इस मामले को वे विधानसभा सत्र में उठाएंगे।
