Categories

October 3, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

उद्योग सचिव, झारखंड की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक संपन्न

औद्योगिक क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग एवं सुगम यातायात परिचालन सुनिश्चित करने के निर्देशऔद्योगिक क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग एवं सुगम यातायात परिचालन सुनिश्चित करने के निर्देश

सरायकेला, 28 सितंबर 2026, सोमवार(भाग्य सागर)

सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात परिचालन को सुदृढ़ करने हेतु उद्योग सचिव, झारखंड सरकार, अरवा राजकमल की अध्यक्षता में परिसदन सभागार, सरायकेला में एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी, उद्योग विभाग की अपर सचिव, प्रीति रानी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, रविशंकर प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात परिचालन की समीक्षा बैठक में की गई। विशेष रूप से औद्योगिक प्रतिष्ठानों के आस पास मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों के अनावश्यक ठहराव से यातायात परिचालन प्रभावित होने, भारी वाहनों के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित पार्किंग की उपलब्धता, पार्किंग स्थलों पर वाहन चालकों के लिए आवश्यक सुविधाएं तथा मुख्य सड़कों पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के कारण उत्पन्न यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला अंतर्गत राजनगर के चालियामा क्षेत्र में रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने से संबंधित जनहित याचिका के संदर्भ में भी आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में आने वाले भारी वाहनों के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि मुख्य सड़कों पर वाहनों के अनावश्यक ठहराव को कम करते हुए यातायात का सुचारु एवं सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।

औद्योगिक संस्थान रूंगटा माइंस (राजनगर) की पार्किंग व्यवस्था के निरीक्षण के क्रम में संबंधित अधिकारियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठान के प्रतिनिधियों को पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित रखने तथा वाहन चालकों की सुविधा के अनुरूप वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने,पार्किंग स्थल पर वाहनों के सुचारु आवागमन एवं सुरक्षित ठहराव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, मुख्य सड़कों पर अनावश्यक एवं अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात परिचालन प्रभावित न हो, इसके लिए ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मुख्य सड़कों पर यातायात परिचालन की नियमित निगरानी करते हुए अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराने तथा सुगम यातायात परिचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान डेडिकेटेड ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। दुर्घटना के पश्चात प्रभावित लोगों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा प्रस्ताव के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

उद्योग सचिव, अरवा राजकमल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुगम एवं सुरक्षित यातायात परिचालन के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में आने वाले भारी वाहनों के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, वाहन चालकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहनों के ठहराव को नियंत्रित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात परिचालन, भारी वाहनों के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित पार्किंग, पार्किंग स्थलों पर वाहन चालकों के लिए आवश्यक सुविधाएं, मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को व्यवस्थित करने तथा संबंधित विभागों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *