Categories

September 16, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

चक्रधरपुर के ज्वेलर्स शॉप में हुई बड़ी चोरी का खुलासा, दो रिश्तेदार को पुलिस ने दबोचा

झारखंड: चाईबासा जिले के चक्रधरपुर शहर में गुदड़ी बाजार स्थित ज्वेलर्स की दुकान में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में बुधवार को पुलिस ने एक महिला और उसकी नाबालिग रिश्तेदार को पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से चोरी गए सभी सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान भी बरामद कर लिए हैं।

घटना 6 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे की है, जब गुदड़ी बाजार स्थित गरा प्रसाद ज्वेलर्स की दुकान में चोरों ने छत की चादर काटकर बड़ी मात्रा में जेवरात चोरी कर लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चक्रधरपुर पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की।सीसीटीवी फुटेज की जांच में पुलिस को एक महिला दिखाई दी, जो बाद में एक लड़की के साथ साइकिल से जाती नजर आई। इसके आधार पर पुलिस ने आरपी कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की।

पुलिस ने 21 वर्षीय स्मृति बांदिया को गिरफ्तार किया, जो सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के पुतुलपीर गांव की रहने वाली है। उसके साथ उसकी नाबालिग रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों चक्रधरपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थीं और साथ ही रह रही थीं। पुलिस ने इनके पास से चोरी हुए गहनों और सामान को जब्त कर लिया है।

बरामद सामानों में सोने की नथ, मांगटीका, टॉप्स, नेकलेस, कमरबंद, चांदी की चेन, पायल, अंगूठी, छल्ला, चूड़ी, बाजूबंद, कटोरा, खोपा पिन, बाली, एक मोबाइल फोन और एक साइकिल शामिल हैं।इस मामले में चक्रधरपुर थाना में कांड संख्या 88/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

फिलहाल पुलिस चोरी में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता बताया है। इस पूरे अभियान में चक्रधरपुर एएसपी शिवम प्रकाश, थानेदार अवधेश कुमार, एसआई रोहित कुमार, आकाश कुमार, प्यारे हसन, महिला अधिकारी प्रिया लक्ष्मी टुडू और सीसीटीवी कंट्रोल रूम के सहायक नंदलाल लोहार की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *