सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) आदित्यपुर के प्रतिनिधिमंडल द्वारा अंचल अधिकारी गम्हरिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन

सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) आदित्यपुर के प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री को ज्ञापन अंचल अधिकारी गम्हारिया के माध्यम से दिया गया। मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत देय पेंशन राशि को ₹1000 प्रतिमाह से बढ़ाकर ₹5000 प्रतिमाह करने एवं पेंशन के नियमित भुगतान को सुनिश्चित करने के संबंध में जनहित ज्ञापन दिया गया।

झारखंड राज्य के समस्त वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांगजन आपका ध्यान राज्य में दी जा रही पेंशन की वर्तमान राशि और इसके अनियमित भुगतान की ओर आकृष्ट कराना चाहते हैं। वर्तमान में, राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सर्वजन पेंशन, स्वामी विवेकानंद निशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के तहत ₹1000 प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं।

महोदय, आज के समय में निरंतर बढ़ती महंगाई, विशेषकर खाद्य पदार्थों, दवाइयों एवं अन्य जीवनोपयोगी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के कारण, ₹1000 की यह पेंशन राशि जरूरतमंदों के सम्मानजनक जीवनयापन के लिए अत्यंत अपर्याप्त सिद्ध हो रही है। इस अल्प राशि में महीने भर का गुजारा करना, विशेषकर उन वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांग जनों के लिए जिनके पास आय का कोई अन्य स्रोत नहीं है, एक गंभीर चुनौती बन गया है।

इसके परिणामस्वरूप, हमारे राज्य के हरेक वृद्धा, विधवा और विकलांग आर्थिक तंगी और अभावग्रस्त जीवन जीने को विवश हैं, जो कि किसी भी कल्याणकारी राज्य के लिए चिंता का विषय है। इसके अतिरिक्त, हमें यह भी अवगत कराना है कि यह पेंशन राशि नियमित रूप से प्राप्त नहीं होती है, जिससे हमारी आर्थिक स्थिति और भी दयनीय हो जाती है।वृद्धावस्था जीवन का वह पड़ाव है जहाँ शारीरिक दुर्बलता के साथ-साथ आर्थिक सुरक्षा की सर्वाधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में राज्य सरकार का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपने जरूरतमंद नागरिकों को एक ऐसी पेंशन राशि प्रदान करे जिससे वे अपनी मूलभूत आवश्यकताओं को गरिमापूर्ण ढंग से पूरा कर सकें।

ज्ञापन के माध्यम से हम समस्त झारखंड के वृद्धजनों, दिव्यांगों, विधवाओं एवं नागरिकों की ओर से आपसे विनम्र अनुरोध करते हैं कि कृपया सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पेंशन की वर्तमान राशि को ₹1000 प्रतिमाह से बढ़ाकर कम से कम ₹5000 प्रतिमाह करने की तत्काल घोषणा एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, हम आपसे यह भी आग्रह करते हैं कि पेंशन के नियमित भुगतान को सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं ताकि समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।यह कदम न केवल राज्य के लाखों वृद्धा, विधवा और विकलांग को आर्थिक संबल प्रदान करेगा, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार लाएगा और उन्हें सामाजिक सुरक्षा का वास्तविक एहसास कराएगा।

इस न्यायोचित मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करने की मांग की और शीघ्रति शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील।
सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ़ इंडिया (कम्युनिस्ट), आदित्यपुर, जिला : सरायकेला – खरसावां के प्रतिनिधिगण
1. विष्णु देव गिरी 2. मौसमी मित्रा 3. शोभा रानी 4. विमला देवी 5. चांदमणि देवी6. गुरबारी पाड़या 7. भारती मुखी 8. हेमंत पांडे 9. भारत लाल शर्मा 10. कन्हैया सिंह11. शंकरी लोहार 12. द्रौपदी तंतुबाई 13. दीपा मुंदरी 14. रानी गोप 15. बिमला सिंह के अलावा काफी संख्या में वृद्धा, विधवा तथा विकलांग पेंशन लाभार्थी उपस्थित थे।

उन्होंने कहा की आश्वासन मिला कि बजट सत्र का रुपया रुका हुआ है ऊपर से फंड आने से मिल जाएगा 5 महीने से सामाजिक कोषांग ने भी स्वीकार किया है कि लाभुकों को पेंशन नहीं मिला है। रही बात सामाजिक सुरक्षा पेंशन और सर्वजन पेंशन ₹5000 बढ़ाने की तो मुख्यमंत्री तक आपकी बात पहुंचा दी जाएगी।
