प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए कोलकाता को हर हाल में चाहिए जीत, आज मुंबई से टक्कर
कोलकाता: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इस सीजन का 65वां मुकाबला आज कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां घरेलू टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज यानी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए केकेआर के लिए आज शाम 7:30 बजे होने वाला यह मैच बेहद निर्णायक है। फिलहाल कोलकाता की टीम 12 मुकाबलों में 11 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में आठवें पायदान पर संघर्ष कर रही है। दूसरी ओर, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से आधिकारिक तौर पर बाहर हो चुकी है और तालिका में 8 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है। ऐसे में मुंबई की टीम बिना किसी दबाव के कोलकाता का खेल बिगाड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
दोनों टीमें आमने-सामने
अगर दोनों टीमों के पुराने आपसी आंकड़ों (Head-to-Head Records) पर नजर डालें तो मुंबई इंडियंस का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। आईपीएल के इतिहास में अब तक दोनों टीमें 36 बार टकराई हैं, जिसमें से मुंबई ने एकतरफा दबदबा दिखाते हुए 25 मैचों में बाजी मारी है, जबकि कोलकाता के हाथ केवल 11 जीत लगी हैं। इतना ही नहीं, चालू सीजन (IPL 2026) की अपनी पिछली भिड़ंत में भी मुंबई की टीम ने केकेआर को शिकस्त दी थी।
कोलकाता की मौजूदा स्थिति
केकेआर के लिए मुश्किल यह है कि आज मुंबई के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भी उसे प्लेऑफ के लिए पंजाब किंग्स के प्रदर्शन पर निर्भर रहना पड़ेगा। टूर्नामेंट में बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद की टीमें पहले ही नॉकआउट का टिकट पक्का कर चुकी हैं। अब आखिरी बचे चौथे स्थान के लिए पांच टीमों के बीच बेहद रोमांचक जंग जारी है। पॉइंट्स टेबल के समीकरण के अनुसार, पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ इस रेस में सबसे आगे चल रही है। उसके ठीक पीछे राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स 12-12 अंकों के साथ कतार में हैं, जबकि केकेआर 11 अंकों के साथ इस मुकाबले को और अधिक पेचीदा बना रही है।
कप्तान हार्दिक की वापसी संभव
फिटनेस समस्याओं के कारण पिछले तीन मैचों में प्लेइंग इलेवन से दूर रहे मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या केकेआर के खिलाफ इस मैच में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने मुकाबले की पूर्व संध्या पर नेट्स में जमकर बल्लेबाजी अभ्यास भी किया है। भले ही मुंबई के लिए यह सीजन समाप्त हो चुका है, लेकिन हार्दिक व्यक्तिगत रूप से बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। उनके लिए यह पूरा सीजन बेहद निराशाजनक रहा है, जहां उन्होंने 8 पारियों में महज 20.85 की औसत से 146 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 11.90 की महंगी इकोनॉमी रेट से केवल 4 विकेट हासिल किए हैं।
मुंबई टीम को दोहरा झटका
मैच से पहले मुंबई इंडियंस के खेमे से एक बुरी खबर आई है। टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोटिल होने के कारण आईपीएल के बचे हुए मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। चूकि मुंबई को अब लीग स्टेज में केवल दो मैच और खेलने हैं, इसलिए टीम मैनेजमेंट उनके रिप्लेसमेंट को लेकर ज्यादा उत्सुक नहीं है।
किसे, कहां और कैसे लगी चोट

- क्विंटन डी कॉक: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच से ठीक पहले वॉर्म-अप के दौरान उनकी बाईं कलाई में गंभीर चोट आ गई थी। उन्होंने इस सत्र में सिर्फ 3 मैच खेले और 132 रन बनाए, जिसमें पंजाब के खिलाफ लगाया गया एक शानदार नाबाद शतक (112*) भी शामिल है।
- राज अंगद बावा: इस 23 वर्षीय ऑलराउंडर को पंजाब किंग्स के खिलाफ फील्डिंग के दौरान दाएं हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया था। बावा ने भी इस सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए केवल 3 मैच ही खेले थे।
पिच रिपोर्ट
ईडन गार्डन्स की 22 गज की पट्टी हमेशा से ही स्ट्रोक खेलने वाले बल्लेबाजों की मददगार रही है। यहाँ की सपाट पिच के कारण गेंद सीधे बल्ले के बीचों-बीच आती है। साथ ही मैदान की बाउंड्री छोटी होने और आउटफील्ड के बेहद तेज होने की वजह से यहाँ हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं। खेल की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को हवा से कुछ स्विंग मिल सकती है, जबकि खेल आगे बढ़ने पर धीमे गेंदबाजों (स्पिनर्स) को टर्न मिलने की उम्मीद रहती है।
मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 20 मई को कोलकाता का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि शाम के वक्त हल्की बूंदाबांदी की 25 प्रतिशत संभावना जताई गई है, लेकिन मैच के समय आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है, जिससे खेल में किसी बड़े व्यवधान की आशंका नहीं है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-12
- कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, सौरभ दुबे, वरुण चक्रवर्ती, मथीश पथिराना।
- मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), nमन धीर, तिलक वर्मा, शेरफन रदरफोर्ड, विल जैक्स, रघु शर्मा, कॉर्बिन बॉश, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
