Categories

November 25, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

15 साल की उम्र, 28 छक्के और 204 रन की धमाकेदार पारी: वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन से चयन पर बढ़ी बहस

दोहा में खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंदों में 204 रन ठोककर क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी। यूएई के खिलाफ इस तूफानी पारी में उन्होंने 28 छक्के लगाए और भारत-ए को महज 14.2 ओवर में जीत दिलाई। लगातार धमाकेदार पारियों के बाद वैभव को सीनियर टीम में शामिल करने की मांग तेज हो गई है, जिससे मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयनकर्ताओं के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

वैभव को और कितना करना होगा इंतजार?

गौतम गंभीर पहले यह राय रख चुके हैं कि वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह बनाने के लिए धैर्य रखना होगा और लंबे समय से निरंतर प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों को तरजीह मिलनी चाहिए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की निरंतरता का उदाहरण देते हुए वैभव को अपनी प्रक्रिया पर भरोसा रखने की बात कही थी।

इसके बावजूद वैभव के हालिया आंकड़ों ने चयन के फैसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिम्बाब्वे दौरे पर प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने जाने के बावजूद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों टी20 मैचों में मौका नहीं मिला, जहां उन्होंने तीन पारियों में 196.10 के स्ट्राइक रेट से 151 रन जोड़े थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी वह बाहर बैठे रहे और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच में से सिर्फ दो मुकाबले खेल पाए। यूएई के विरुद्ध 204 रन की पारी ने इस बहस को और गरमा दिया है कि उन्हें केवल भविष्य के विकल्प के तौर पर कब तक रोका जाएगा।

मोहम्मद कैफ ने भी मैनेजमेंट को दिखाया आईना

वैभव की इस बड़ी पारी के बाद पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट के रवैये पर सवाल उठाए। कैफ का कहना है कि वैभव अब ऐसे स्तर पर पहुंच चुके हैं जिन्हें केवल निखारने या तैयार करने के नाम पर बाहर रखना सही नहीं है। उन्होंने 53 गेंदों में 204 रन और 28 छक्कों की सराहना करते हुए लिस्ट-ए क्रिकेट में वैभव के 11 गेंदों में बनाए सबसे तेज अर्धशतक का भी जिक्र किया।

कप्तान तिलक ने भी तारीफ

भारत-ए के कप्तान तिलक वर्मा ने भी वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि शुरुआती पांच ओवर में ही टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंच गया था, जिससे मैच पूरी तरह भारत-ए के पक्ष में मुड़ गया। तिलक के अनुसार, मैदान में मौजूद दर्शक हर गेंद पर छक्के की उम्मीद कर रहे थे और चौका लगने पर भी छक्के की मांग उठ रही थी।

सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर को घेर रहे फैंस

वैभव के इस प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने गौतम गंभीर और टीम प्रबंधन को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने यह सवाल उठाया कि लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद वैभव को सीनियर टीम में नियमित मौके क्यों नहीं मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *