बाल विवाह एवं लैंगिक भेद भाव के विरुद्ध जागरूकता गतिविधियां आयोजित
सरायकेला-खरसावां, 23 नवंबर 2026,
सोमवार (भाग्य सागर)
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा -2026 के तहत विभागीय निर्देश के आलोक पर जिले में बाल विवाह एवं लैंगिक भेदभाव के विरुद्ध विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज में बाल विवाह की रोकथाम एवं लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस क्रम जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली आयोजित की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं आमजनों को बाल विवाह की रोकथाम, बाल अधिकारों की सुरक्षा तथा लैंगिक समानता के महत्व से अवगत कराया गया।

ग्राम स्तर पर महिलाओं की बैठक आयोजित कर बाल विवाह से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक प्रभाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी साझा की गई। साथ ही महिलाओं को अपने परिवार एवं समुदाय में इस विषय पर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।





