Categories

November 23, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

श्री रानी सती मंदिर में 25 नवंबर से नौ दिवसीय मंगसीर नवमी महोत्सव की भव्य तैयारी को लेकर बैठक

सरायकेला, 22 नवंबर 2026, रविवार (भाग्य सागर)

सरायकेला स्थित श्री रानी सती मंदिर में दादी रानी सती का पावन मंगसीर नवमी महोत्सव इस वर्ष भी धूमधाम, श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर आज मंदिर परिसर में संजय सेक्सरिया की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से 25 नवंबर से 2 दिसंबर तक नौ दिवसीय धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव के प्रथम दिन दादी भक्त पवन अग्रवाल द्वारा विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की जाएगी तथा दादी की पावन ज्योत प्रज्वलित कर नौ दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। पूरे नौ दिनों तक मंदिर परिसर में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, कार्यक्रमों के संचालन में महिला समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। महिला समिति की सदस्याएं प्रतिदिन दादी के भजन, पूजन एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण तैयार करेंगी।

महोत्सव समापन के अवसर पर 02 दिसंबर को विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस दिन यजमानों द्वारा दादी को मन की सवामणी अर्पित की जाएगी। दोपहर में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रहेगा। वहीं संध्या 03 बजे से दादी का अखंड मंगल पाठ, पावन ज्योत एवं प्रसाद वितरण सहित विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने महोत्सव को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों पर चर्चा की तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष सह श्री रानी सती मंदिर के सचिव मनोज कुमार चौधरी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, अरुण सेकसरिया, आशीष अग्रवाल, संजय चौधरी, मोहन सेकसरिया, जनक गोयल, जॉनी अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, केशव लोहड़ीवाल, तरुण अग्रवाल, अंकित अग्रवाल सहित महिला मंच की अनेक सदस्याएं उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *