नेपाल में अचानक आई बाढ़ से भारी तबाही, कई लोगों की मौत व सैकड़ों लापता
भोटेकोशी नदी में उफान से मची भारी तबाही
चीन की सीमा से सटे नेपाल के रसुवा जिले में बहने वाली भोटेकोशी नदी में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से भीषण तबाही हुई है। समाचार एजेंसियों के अनुसार, बाढ़ की चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई है, जबकि सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं। बाढ़ के अचानक आने से मुख्य बाज़ार क्षेत्र और आसपास के रिहाइशी इलाकों को भारी नुकसान पहुँचा है।
बचाव कार्य तेज़, राहत एजेंसियों को किया गया तैनात
सुबह के समय आई इस आकस्मिक बाढ़ के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत व बचाव अभियान शुरू किया गया। ‘द काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, दर्जनों लोगों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा चुका है।
नेपाल पुलिस, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाली सेना संभाल रही कमान
आपदा की गंभीरता को देखते हुए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल (APF) और नेपाली सेना को संयुक्त रूप से राहत व बचाव कार्यों में तैनात किया गया है। सुरक्षारत जवान और बचावकर्मी मलबे में फंसे व लापता लोगों की खोज में लगातार जुटे हुए हैं।


