Categories

August 18, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

यूपी के मिर्जापुर में मिला रहस्यमयी जानवर पैंगोलिन,कई मायने में है खास, जानें …

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में दुर्लभ जानवर के देखे जाने का मामला सामने आया है। राजगढ़ के रूद्र इंटरनेशनल स्कूल में दुर्लभ प्रजाति का पैंगोलिन दिखाई देने से अफरातफरी मच गई। इस विलुप्त प्रजाति के वन्यजीव को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्कूल प्रबंधन द्वारा पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद पैंगोलिन को सुरक्षित रेस्क्यू किया और जंगल में छोड़ दिया। इस प्रजाति के जानवर इस इलाके में नहीं पाए जाने को लेकर हर किसी की उत्सुकता बनी रही।

पैंगोलिन का रेस्क्यू ऑपरेशन

राजगढ़ थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित रूद्र इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों और स्टाफ को अचानक पैंगोलिन दिखाई दिया। इस दुर्लभ वन्यजीव के कारण स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैंगोलिन को पिंजरे में बंद किया और सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसे जंगल में छोड़ दिया।वन रेंजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पैंगोलिन एक शर्मीला और शांत जानवर है, जो ज्यादातर रात में सक्रिय होता है और दीमक व चींटियों का सेवन करता है। पैंगोलिन की यह प्रजाति नेपाल, भूटान, श्रीलंका और भारत के पहाड़ी इलाकों में पाई जाती है।

कीमती हैं पैंगोलिन के नाखून

मिर्जापुर के डीएफओ अरविंद राज मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए पैंगोलिन का वजन लगभग 5 किलो और लंबाई 1 से 2 मीटर के बीच है। इसके नाखून की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग है, जहां इसकी कीमत करोड़ों रुपये तक पहुंच जाती है। पैंगोलिन के शरीर पर केराटिन के शल्क होते हैं, जो इसे सुरक्षित रखते हैं।डीएफओ ने कहा कि दुर्भाग्यवश, अंधविश्वास और तस्करी के कारण इस प्रजाति पर विलुप्ति का खतरा मंडरा रहा है। वन विभाग की टीम ने इस दुर्लभ प्रजाति के संरक्षण की अपील की है और आम जनता से आग्रह किया है कि किसी भी वन्यजीव को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *