RJD विधायक ने तेजस्वी यादव के दावों को बताया फेक, कहा- सिर्फ बोलने से कुछ नहीं होता
Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की 5 सीटों के लिए बिहार विधानसभा में वोट डालने के लिए विधायक लाइन में खड़े दिखे. एनडीए और महागठबंधन के नेता अपनी-अपनी तरफ से जीत के दावे कर रहे हैं. इस बीच बेगूसराय से राजद के विधायक बोगो सिंह ने चौंकाने वाला बयान दिया. बोगो सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के ही दावों को फेक बताया.
विधायक बोले- यहां आंकड़े का खेल
वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए राजद विधायक बोगो सिंह ने कहा, तीसरा वोट हमने ही किया है. महागठबंधन कहीं कुछ नजर ही नहीं आ रहा है. उनका तो वोटर भी नजर नहीं आ रहा है. तेजस्वी यादव मोर्चा संभाल कर ही क्या कर लेंगे, जब वोट ही नहीं रहेगा. तेजस्वी जी बराबर दावा करते रहते हैं.
आगे विधायक ने यह भी कहा, विधानसभा चुनाव में भी तेजस्वी दावा किए थे कि मेरी सरकार बनेगी. यहां तक गांधी मैदान में सीएम पद की शपथ लेने के लिए डेट भी अनाउंस कर दिया था. लेकिन क्या हश्र हुआ. सिर्फ बोलने से कुछ नहीं होता है, यहां आंकड़े का खेल है. पांचों सीट पर एनडीए की जीत तय है. कहीं कोई शक नहीं है.
तेजस्वी ने AIMIM से मांगा था समर्थन
बताया जा रहा है कि मामला 5वीं सीट को लेकर ही फंसा हुआ है. AIMIM की तरफ से रविवार को इफ्तार का आयोजन किया गया था, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहुंचे थे. तेजस्वी यादव के साथ अख्तरूल ईमान और आईपी गुप्ता बैठे थे. इफ्तार पार्टी को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा था, हमने AIMIM से समर्थन मांगा है. हमें उम्मीद है कि समाजवादी लोगों का साथ वो लोग देंगे.
वोट डालने पहुंचे तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी वोट डाला. वोट डालने से पहले तेजस्वी यादव ने कहा, हमलोग जीतने के लिए लड़ रहे हैं और जीतेंगे. इससे पहले रविवार को महागठबंधन की तरफ से जीत को लेकर रात के 11 बजे तक रणनीति बनाई गई थी. ऐसे में अब रिजल्ट का इंतजार किया जा रहा है.
