Categories

September 15, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

सरायकेला : खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी, खाद्य व्यापारियों में मची हड़कंप

अभिहित अधिकारी- सह- अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ. जुझार माझी की अध्यक्षता में जिला खाद्य सुरक्षा विभाग, सरायकेला- खरसावां के निरीक्षण दल ने शुक्रवार को राजनगर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न राशन दुकानों एवं होटलों में छापेमारी की गई। सबसे पहले राजनगर के कुडमा ग्राम स्थित ड्रिंकिंग वाटर प्लांट आनन्त इंटरप्राइजेज, निर्माता ईकाई में छापेमारी की गई। अनंत इंटरप्राइजेज में कार्यरत सभी कर्मचारियों में स्वच्छता के मापदंडों का अनुपालन करते पाए गए, साफ- सफाई संतोष जनक पाई गई। खाद्य संस्थान में कार्यरत फूड हैंडलर्स को प्रत्येक छः महीने पर प्राधिकृत चिकित्सक से मेडिकल जांच करवाने की आवश्यकता होती है, जो आनंत इंटरप्राइजेज के कर्मियों के पास नहीं पाई गई। कर्मियों का मेडिकल जांच यथाशीघ्र कराने का निर्देश प्रबंधन को निरीक्षण दल द्वारा दिया गया।

डॉ. जुझार माझी ने बताया कि बारिश के मौसम में होटलों में उचित साफ -सफाई नहीं होने एवं दूषित भोजन परोसे जाने के कारण डायरिया, हैजा, टाइफाइड जैसी विभिन्न प्रकार की संक्रामक बीमारियां फैलती है जिसके मद्देनजर कड़ाई से जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि होटलों में गंदगियां किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न मापदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा।

जांच के दौरान साफ -सफाई के मापदंडों को पूरा नहीं करने एवं बिना अनुज्ञप्ति के खाद्य संस्थानों का संचालन करने के कारण कुल-10 दुकानदारों को चेतावनी के साथ नोटिस जारी की गई है, आगे नियमों का अनुपालन नहीं करने की स्थिति में दुकानों को सील करते हुए दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। डॉ मांझी ने यह भी बताया कि सप्ताह में किसी भी एक दिन नियमित तौर पर औचक निरीक्षण किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग के छापेमारी से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप देखी गई। कई दुकानदार आनन-फानन में अपने- अपने दुकानों को बंद कर भागते देखे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *