खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में किया औचक निरीक्षण
सरायकेला-खरसावां, 16 अक्टूबर 2026,
शुक्रवार (भाग्य सागर)

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच हेतु सरायकेला एवं आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार एवं विशाल कुमार सिंह द्वारा आज औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में सूजी, मैदा सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित कर नमूनों को विश्लेषण के लिए राजकीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा गया। जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों का कारोबार करने तथा उत्पादों पर आवश्यक विवरण अंकित होने की जांच सुनिश्चित करने, खाद्य उत्पादों पर वैध लाइसेंस/पंजीकरण संख्या, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि सहित अन्य अनिवार्य विवरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों का उपयोग नहीं करने तथा केवल नियमानुसार अनुमत खाद्य रंगों का निर्धारित सीमा के भीतर उपयोग करने, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

