सरायकेला खरसावां जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम

सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर सभी मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जा रहा हैं। सरायकेला जिला मुख्यालय,जगन्नाथपुर,महालिमोरूप,सीनी व राजनगर समेत आसपास के क्षेत्रो में सोमवार को धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। क्षेत्रीय गौड़ समाज महालिमोरुप के तत्वावधान में जगन्नाथपुर के रांगाटांड में भव्य रूप से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

क्षेत्रीय गौड़ समाज के सचिव नागेश्वर प्रधान ने बतायाजगन्नाथपुर में गौड़ समाज द्वारा सामूहिक व भव्य रूप से पिछले 17 वर्षों से जन्माष्टमी सह श्री कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष सोमवार मध्य रात्रि को भगवान श्री कृष्ण के जन्म होते ही विशेष पूजा अर्चना होगी। साथ ही भगवान श्री कृष्ण का विशेष श्रृंगार के साथ छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।जगन्नाथपुर में सोमवार शाम छह बजे पूजा पंडाल का उद्घाटन होगा।

इसके बाद रात 9 बजे से अष्ठमी 2:27 बजे तक भगवान श्री कृष्ण की पूजा होगी। मध्यरात्रि को श्री कृष्ण के जन्म के साथ ही विशेष पूजा अर्चना कर भगवान को पालकी में झुलाया जाएगा। मंगलवार को सुबह 8 बजे नंदोत्सव होगा जबकि शाम को भव्य मेला का उद्घाटन होगा। बुधवार को कृष्ण भक्तो के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसकी सारी तैयारी पूरी हो गयी है।

जानकारी हो कृष्ण भक्तों सहित सभी लोगों के लिए जन्माष्टमी व्रत के साथ कृष्णावतार महत्वपूर्ण है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भाद्र माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। वहीं नि:संतान दंपतियों को संतान प्राप्ति होती है।
