Categories

September 17, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

बहरागोड़ा में आदिवासी भूमिज समाज द्वारा उत्साहपूर्वक मनाई गई वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 235वीं जयंती

“भूमिज समाज की एकजुटता से बहे गंगा नारायण की विरासत की गूंज”

विधायक संजीव सरदार बोले – “संस्कृति को बचाना होगा”

बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के इचडा़शोल गांव में आदिवासी भूमिज समाज द्वारा वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 235वीं जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शाम को इचडा़शोल के मुख्य बाजार से एक भव्य पदयात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के सैकड़ों लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।

पदयात्रा के पश्चात एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पोटका विधानसभा के विधायक संजीव सरदार, जिला परिषद सदस्य भूपति नायक, राजला बांध पंचायत के मुखिया डोमा नायक, तथा भूमिज समाज के कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।सभा में विधायक संजीव सरदार ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा,”हम कभी अंग्रेजों के गुलाम थे। गंगा नारायण सिंह वह वीर योद्धा थे, जिन्होंने अंग्रेजों के ज़ुल्म और ज़मीन पर लगाए गए टैक्स का विरोध किया और इसी लड़ाई में शहीद हो गए। आज जब हमारी संस्कृति और परंपरा खतरे में है, तब हमें गंगा नारायण जैसे वीरों की याद से प्रेरणा लेनी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि भूमिज समाज को एकजुट होकर अपनी परंपराओं, संस्कारों और संस्कृति को बचाना होगा। उन्होंने घोषणा की कि वे कल्याण मंत्री से मिलकर इचडाशोल में एक बहुउद्देशीय भवन (हाल) बनाने की पहल करेंगे, साथ ही वीर गंगा नारायण सिंह एवं वीर बिरसा मुंडा की प्रतिमाएं भी लगाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।विधायक ने समाज के युवाओं को शिक्षित करने और शिक्षकों की व्यवस्था करने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि समाज की किसी भी समस्या को लेकर वे हर समय साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में शंभु नायक, साधन नायक, भूपति नायक, जगत शिकारी, अश्वनी दीगर, दुर्गा नायक, चैतन्य नायक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें समाज के कलाकारों ने वीरता, संस्कृति और परंपरा से जुड़े गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *