गजब का दिमाग लगाया था इस फ्रॉड ने, CID ने बिहार से दबोचा
ICICI बैंक का अधिकारी बन भोले-भाले लोगों की गाढ़ी कमाई को झटके में उड़ा लेने वाला बड़का फ्रॉड आज झारखंड CID के हत्थे चढ़ गया। इस फ्रॉड का नाम प्रदीप कुमार उर्फ सन्नी कुमार बताया गया। करीब 27 साल का सन्नी भोजपुर बिहार के तरारी थाना क्षेत्र के बड़कागांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ साल 2023 की 12 जून को साईबर क्राइम थाना में केस दर्ज किया गया था।

तफ्तीश में जुटी CID की टीम को एक क्लू मिला और सन्नी को उसके घर भोजपुर से दबोच लिया गया। गिरफ्तार सन्नी ने CID को दिये अपने बयान में खुलासा किया कि वह गूगल सर्च इंजन में ICICI बैंक का फर्जी मोबाइल नंबर डाल रखा था। कोई भी शख्स उस नंबर पर फोन करता तो कॉल सन्नी के पास आ जाता था। वह खुद को ICICI बैंक का अधिकारी बताता और चेक क्लियरेंस कराने के नाम पर सामने वाले के मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड कराता। इस ऐप का नाम Rust Desk Application है। यह एक स्क्रीन शेयरिंग एप्लिकेशन है। सामने वाला जैसे ही इस ऐप को इंस्टॉल करता, शातिर सन्नी अपना जलवा दिखा जाता।

इस तरह से उसने अबतक 12 लाख 56 हजार 969 रुपये बनाया है।CID की गिरफ्त में आये शातिर सन्नी के पास से एक मोबाइल, दो सिम, एक वोटर कार्ड, एक पासबुक, एक चेकबुक, एक पैन कार्ड, एक ई-श्रम कार्ड और एक गूगल पे स्कैनर बरामद किया गया है।
