65 वर्षीय वृद्धा की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, बेटी को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
चांडिल : सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना अन्तर्गत हत्या का वारदात थमने का नाम ही नहीं ले रही है, विगत दो से ढाई महीने में अब तक हत्या के आधा दर्जन से अधिक मामले थाना में दर्ज हो चुके हैं इनमें से तीन लोगों की हत्या तो बेहद निर्मम तरीके से हुई थी जिसे लेकर पूरा चांडिल के लोगों में हत्यारों के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है लेकिन पुलिस अब तक एक भी मामले का उद्भेदन कर पाने में असफल रही है। वहीं ताजा मामला मंगलवार की रात की बताई जा रही है, जहां रसुनिया गांव के टोला तिरिलडीह में 65 वर्षीय वृद्ध महिला लूसी मांझियाइन की धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई है।

मंगलवार की देर रात पुलिस को सुचना मिली की एक वृद्ध महिला की किसी ने धारदार हथियार से बार कर मौत के घाट उतार दिया है। जानकारी के मुताबिक वृद्ध महिला का बेटा रात्रि में पास के गांव में रोहिन मेला देखने गया हुआ था। जबकि वृद्ध महिला एवं उसकी बेटी घर में ही थी। रात करीब 11 बजे वृद्ध महिला का बेटा जब घर वापस लौटा तो देखा की उसकी मां मरी पड़ी हुई है तथा उसके शरीर पर गहरे जख्म के निशान है। वहीं, उसकी बहन घर से गायब है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी वरुण यादव मध्यरात्रि को घटनास्थल पहुंचे तथा मामले की छानबीन की एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

थाना प्रभारी वरुण कुमार यादव ने बताया कि उक्त मामले में मृतक के बेटे ने पुलिस को जो जानकारी दी है उसी के आधार पर मृतका के बेटी को पुलिस ने चैनपुर स्थित उसके ससुराल से गिरफ्तार कर थाना में पूछताछ आरंभ कर दी है। हत्या के बाद बेटे के संदेह के आधार पर मृतका के बेटी को थाना लाकर पूछताछ करना मामला घरेलू विवाद की ओर इशारा कर रहा है। उम्मीद है कम से कम इस हत्या के मामले में पुलिस जल्द खुलासा करेगी।
