कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल MGM में बड़ा हादसा, जर्जर बिल्डिंग का हिस्सा गिरा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, देखें VIDEO
जमशेदपुर: कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल MGM अस्पताल से शनिवार शाम एक बड़ी खबर सामने आई है। शाम करीब 5 बजे अस्पताल के बी ब्लॉक का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुछ मरीजों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस हिस्से का पतन हुआ है वह लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। इसके बावजूद वहां मरीजों को रखा जा रहा था। स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों ने कई बार इस जर्जर हिस्से की मरम्मत की मांग की थी, लेकिन शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया गया।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों को भी अलर्ट किया गया है।

गौरतलब है कि जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल कोल्हान क्षेत्र का सबसे बड़ा सरकारी चिकित्सा केंद्र है, जहां रोजाना हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इस हादसे ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
