Categories

September 16, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

इंतजार खत्म! टाटा मोटर्स के कर्मचारियों की जल्द बढ़ेगी सैलरी, ग्रेड रिवीजन पर आज लग सकती है मुहर

Tata Motors Salary Hike: टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में ग्रेड रिवीजन का मामला अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले नये समझौते को लेकर प्रबंधन और यूनियन के बीच चल रही मैराथन वार्ता के बाद गुरुवार को अंतिम मुहर लगने की प्रबल संभावना है. सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लगभग सभी मुख्य बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है. इस हाई-वोल्टेज वार्ता के बीच 7321 स्थायी कर्मचारियों की नजरें वेतन वृद्धि के नये रिकॉर्ड बना सकता है.

समय पर समझौते से 20 हजार बोनस की उम्मीद

समझौते की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यदि वार्ता 31 मार्च 2026 तक औपचारिक रूप से संपन्न हो जाती है. तो सभी 7321 कर्मचारियों को समयबद्ध समझौते के प्रोत्साहन स्वरूप 20,000 रुपये की एकमुश्त राशि मिलेगी. वर्ष 2022 में भी समय पर समझौता होने के कारण कर्मचारियों को यह लाभ मिला था. यूनियन की पुरजोर कोशिश है कि इस बार भी समय सीमा के भीतर समझौता कराकर कर्मचारियों की झोली में यह राशि डाला जाये.

जियो ग्रेड के ‘डीए’ नुकसान की भरपाई बड़ी चुनौती

इस बार के समझौते में यूनियन का विशेष फोकस जियो ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन ढांचे में सुधार पर है. दरअसल पुराने स्थायी कर्मियों का डीए (DA) अधिक है. जबकि बाई-सिक्स से स्थायी होने वाले नये कर्मियों का डीए घटकर मात्र 500 रुपये के करीब रह जाता है. इस बार यूनियन इनके बेसिक और डीए स्ट्रक्चर में सुधार कर इस बड़ी खायी को पाटने के प्रयास में है. पिछले समझौते के समय प्लांट में 5600 कर्मचारी थे. जो अब बढ़कर 7321 हो गये हैं. नये कर्मियों के जुड़ने से प्रबंधन पर वित्तीय बोझ बढ़ा है, यही कारण है कि प्रबंधन कार्यकाल को 6 साल करने की जुगत में है, जबकि यूनियन 4 साल की परंपरा पर अडिग है.

वेतन वृद्धि का गणित: क्या आंकड़ा 20 हजार पार करेगा?

वर्ष 2022 के समझौते में कुल 17,000 की बढ़ोतरी हुई थी. जिसमें बेसिक पे 6,618 और 3,000 वैरिएबल पे शामिल था. जानकारों का मानना है कि यदि यूनियन पिछला ट्रेंड बरकरार रखती है, तो इस बार बढ़ोतरी का आंकड़ा 20,000 रुपये से 23,000 रुपये के बीच पहुंच सकता है. इस वृद्धि को पिछले समझौते की तरह ही चार चरणों (65%, 15%, 10% और 10%) में लागू किये जाने की संभावना है.

केवल वेतन ही नहीं, इन 3 प्रमुख मांगों पर भी नजर

  • मेडिकल रेफरल में इजाफा: गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वर्तमान 5 लाख रुपये की सीमा को बढ़ाने की मांग.
  • सेवानिवृत्ति सुरक्षा: रिटायरमेंट के बाद मेडिकल इंश्योरेंस की राशि को 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर सम्मानजनक करने पर जोर.
  • त्योहारों पर वाहन भत्ता: रामनवमी, दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहारों पर ड्यूटी आने वाले कर्मियों को 250 रुपये वाहन भत्ता देने की मांग.

क्या कहते हैं यूनियन के पदाधिकारी

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा, ‘हम निर्धारित समय सीमा के भीतर एक सम्मानजनक समझौता करने की दिशा में काम कर रहे हैं. प्रबंधन के साथ वार्ता सकारात्मक दिशा में है और अधिकांश बिंदुओं पर सहमति बन गयी है.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *