रूपी सोरेन के निधन से झामुमो परिवार को अपूरणीय क्षति : भोला महंती
सरायकेला, 10 अक्टूबर, 2026,
शनिवार (भाग्य सागर)

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) परिवार की अभिभावक रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो सरायकेला प्रखंड कमेटी की ओर से हरिहर होटल सभागार में एक शोक सभा का आयोजन किया गया. प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेम्ब्रम की अध्यक्षता में आयोजित इस शोक सभा में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के जिला उपाध्यक्ष भोला महंती उपस्थित थे. उन्होंने स्व. रूपी सोरेन के निधन को झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का निधन न केवल सोरेन परिवार, बल्कि पूरे झारखंड के लिए दुखद है. उनके जाने से पार्टी परिवार ने एक ऐसी अभिभावक को खो दिया है, जिनका झामुमो परिवार से गहरा जुड़ाव रहा.शोक सभा में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.सभी ने इस दुख की घड़ी में सोरेन परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही.

प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेम्ब्रम ने भी रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनके निधन से पार्टी परिवार मर्माहत है. उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की.
शोक सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मौन रखकर स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी.
मौके पर योगेश्वर सरदार, राजू महाली, राजेश मुंडारी, अजय नंदी, राजेन मुर्मू, सामु मांझी, टिका मुर्मू, तपन कामिला, सुकलाल केराई, मुनकु लुगुन, धर्मपद नायक सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.


