SIR-2026 के तहत निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त ने खरसावाँ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
सरायकेला-खरसावां, 10 अक्टूबर 2026
शनिवार (भाग्य सागर)

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ जयवर्धन कुमार ने 57 -खरसावाँ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने, मतदाता पंजीकरण से संबंधित समस्याओं के समाधान तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। संबंधित पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उच्च विद्यालय नेँगटासाई में आयोजित निर्वाचन पाठशाला में उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्हें फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के उपयोग और उद्देश्य से भी अवगत कराया गया। संवाद के क्रम में छात्राओं ने बताया कि उनके परिवार में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के कुछ ऐसे सदस्य हैं, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है।

विद्यालय के पंजी अवलोकन के क्रम में यह पाया गया कि कक्षा 10 वीं उत्तीर्ण लगभग पांच-छह छात्राएं जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा निर्धारित अवधि में पूर्ण करने वाली हैं, उनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है। इस पर संबंधित बीएलओ को सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे पात्र विद्यार्थियों को चिह्नित करने तथा उनसे फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करने को कहा गया, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है।

नवविवाहित महिलाओं के मतदाता पंजीकरण एवं पता परिवर्तन से संबंधित समस्या भी सामने आई। जानकारी मिली कि कुछ नवविवाहित महिलाएँ मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की राशि प्रभावित होने की आशंका के कारण मतदाता सूची में पता परिवर्तन कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में हिचकिचाती हैं। इस संबंध में संबंधित बीएलओ को ऐसी महिलाओं से संवाद स्थापित कर नियमानुसार प्रक्रिया की जानकारी देने तथा उनकी शंकाओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया। पूर्व पते पर मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की स्थिति में पता परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने तथा पात्र लेकिन मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होने वाले नागरिकों का फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, सरायकेला अमित श्रीवास्तव सहित संबंधित अन्य पदाधिकारी एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

