प्रमंडलीय आयुक्त ने SIR-2026 के तहत संचालित निर्वाचन कार्यों की समीक्षा करते हुए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सरायकेला-खरसावां, 12 अक्टूबर 2026,
सोमवार (भाग्य सागर)

समाहरणालय सभागार में सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त, कोल्हान प्रमंडल, रवि रंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में SIR-2026 के तहत जिले में संचालित निर्वाचन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ नितिश कुमार सिंह, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह एवं निर्वाचन कार्यों से संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने SIR-2026 के तहत जिले में संचालित निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 2,24,680 नोटिस जनरेट किए गए हैं, जिनमें से 1,92,189 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं एवं अब तक 1,16,804 सुनवाई संपन्न हो चुकी हैं। बैठक में नोटिस वितरण, सुनवाई एवं सत्यापन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।

प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन परिवारों तक अब तक नोटिस नहीं पहुंचा है, वहां संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से घर-घर जाकर नोटिस का वितरण सुनिश्चित किया जाए। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के मामलों में आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने तथा ECINet ऐप के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सत्यापन करने,फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में पात्र नए मतदाताओं का नाम जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया। इसके लिए संबंधित बीएलओ को घर-घर भ्रमण एवं सत्यापन के दौरान छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान करने तथा नियमानुसार फॉर्म-6 भरवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) की गतिविधियां आयोजित करने तथा विद्यालयों में निर्वाचन पाठशाला के माध्यम से भावी मतदाताओं को जागरूक करने तथा इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा नाम जोड़ने, हटाने एवं स्थानांतरण से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध कराने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक के पश्चात प्रमंडलीय आयुक्त, रवि रंजन कुमार विक्रम ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के वैसे मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए अपेक्षाकृत कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों से संवाद कर अपील की कि निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले ऐसे सभी नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नियमानुसार फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने संबंधित बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन करने, छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान करने तथा उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

