जल जन भागीदारी अभियान के तहत जल संरक्षण, गुणवत्ता जाँच एवं पेयजल स्रोतों की स्वच्छता को लेकर कार्यक्रम आयोजित
सरायकेला,13 अक्टूबर 2026,
मंगलवार(भाग्य सागर)

विगत 02 अक्टूबर से संचालित जल जन भागीदारी अभियान 15 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा। इसके तहत
सरायकेला-खरसावाँ जिले में जल संरक्षण, पेयजल स्रोतों की स्वच्छता तथा सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

अभियान के तहत कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों को जिला स्तरीय जल जाँच प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पेयजल की गुणवत्ता की जाँच, जल के नमूने एकत्र करने की प्रक्रिया तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल गुणवत्ता की समझ विकसित करना तथा जल संरक्षण एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेयजल स्रोतों को स्वच्छ रखने, जल को दूषित होने से बचाने तथा सुरक्षित पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने एवं सामुदायिक सहभागिता से पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
अभियान के तहत विद्यार्थियों एवं संबंधित कर्मियों द्वारा एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं का भ्रमण किया गया। इस दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, योजनाओं के संचालन तथा रखरखाव से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई। इसका उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं की कार्यप्रणाली को समझना तथा जलापूर्ति व्यवस्था के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

जल जनभागीदारी अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जल संरक्षण, पेयजल स्रोतों की स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर बल दिया जा रहा है। अभियान के तहत संचालित गतिविधियों का उद्देश्य जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जल संसाधनों के संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

