Categories

October 14, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

ELC FEST 2026 के जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने किया उद्घाटन

सरायकेला-खरसावाँ, 13 अक्टूबर 2026,
मंगलवार(भाग्य सागर)

सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत गम्हरिया स्थित अर्का जैन विश्वविद्यालय में ELC FEST 2026 के जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले का उद्घाटन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार द्वारा विधिवत किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, नितिश कुमार सिंह की उपस्थिति रही।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना, मतदाता जागरूकता का प्रसार करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना था।

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह द्वारा स्वागत संबोधन किया गया। साथ ही, ELC FEST 2026 आयोजन के उद्देश्य, निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) की भूमिका तथा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

मुख्य निर्वाचन ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रतिभागियों से निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता जागरूकता से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से विभिन्न निर्वाचन संबंधी विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने का अवसर मिला। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक मतदाता बनने, निर्वाचन साक्षरता क्लब की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा निर्वाचन संबंधी सही जानकारी अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक करने में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने घर एवं आसपास ऐसे नागरिकों की पहचान करने के लिए प्रेरित किया, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं कराया है। ऐसे पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित करने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने का संदेश दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने अपने संबोधन में युवाओं को निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विद्यालय, परिवार एवं समाज में जागरूक मतदाता का संदेश प्रसारित करने तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

ELC FEST 2026 के जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले में विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित 10 प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता,
निर्वाचन प्रश्नोत्तरी, भाषण प्रतियोगिता, भूमिका-अभिनय, निर्वाचन समाधान गतिविधि,मॉक निर्वाचन न्यायालय,
पोस्टर प्रतियोगिता,
जागरूकता रील निर्माण, नुक्कड़ नाटक एवं मॉक निर्वाचन प्रतियोगिता।

प्रतिभागियों ने अपने वाद-विवाद, भाषण, पोस्टर, रील, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से निष्पक्ष निर्वाचन, मताधिकार के महत्व, जागरूक मतदाता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार द्वारा सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता संबंधी शपथ दिलाई गयी।
कार्यक्रम में उपरोक्त के अलवा नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम एजाज अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सरायकेला, अभिनव प्रकाश, सहायक नगर आयुक्त अमित कुमार, गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार, कार्यपालक अभियंता पंकज झा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, श्रम निरीक्षक अविनाश, सहायक नगर आयुक्त विपुल सैनी, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान मांझी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *