Categories

September 15, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

सीएम नीतीश आज JDU नेताओं संग कर सकते हैं बैठक, कब तक बन सकती है नई सरकार?

बिहार राजनीति: सीएम नीतीश आज JDU नेताओं संग कर सकते हैं बैठक, कब तक बन सकती है नई सरकार?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद अब राज्य की सत्ता में बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली में शपथ ग्रहण करने के बाद नीतीश कुमार शाम को ही पटना वापस आ गए हैं। माना जा रहा है कि आज वह जेडीयू (JDU) के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, जिसमें पार्टी की भविष्य की रणनीति और राज्य में नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा हो सकती है।

पटना में नए नेतृत्व को लेकर मशविरा शुरू

नीतीश कुमार के केंद्र की राजनीति में जाने के फैसले के बाद अब बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर कयासों का दौर जारी है। पटना में जेडीयू और बीजेपी, दोनों ही खेमों में बैठकों का सिलसिला शुरू होने वाला है। आज होने वाली जेडीयू की बैठक में नए सीएम के नाम के साथ-साथ सरकार में जेडीयू की आगे की भूमिका पर मंथन होगा। वहीं, बीजेपी भी अपने स्तर पर बैठक कर नई सरकार के स्वरूप पर चर्चा करने वाली है।

शपथ ग्रहण से पहले सीएम नीतीश ने क्या कहा था?

शुक्रवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा पद की शपथ दिलाए जाने से एक दिन पहले नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया था कि अब वह दिल्ली में ही रहकर काम करेंगे। उन्होंने कहा था कि वह अपनी पुरानी जिम्मेदारियां छोड़कर अब केंद्र में सक्रिय रहेंगे। जब उनसे बिहार की कमान के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वह तीन-चार दिनों के भीतर वापस जाकर सब कुछ व्यवस्थित कर देंगे। इसी कड़ी में आज की गतिविधियों को काफी अहम माना जा रहा है।

बिहार में कब तक बन सकती है नई सरकार?

सियासी गलियारों में चर्चा है कि नीतीश कुमार 13 अप्रैल को अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक कर सकते हैं। चूंकि 14 अप्रैल को खरमास समाप्त हो रहा है, इसलिए संभावना जताई जा रही है कि 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन हो सकता है। तय कार्यक्रम के अनुसार, 14 अप्रैल को एनडीए (NDA) के घटक दल अपने विधायक दल के नेता का चुनाव कर सकते हैं, जिसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे।

दिल्ली में बीजेपी की बैठक अचानक हुई रद्द

इस बीच, दिल्ली में भाजपा कोर कमेटी की एक प्रस्तावित बैठक अंतिम समय में रद्द कर दी गई। यह बैठक बिहार प्रभारी विनोद तावड़े के आवास पर होनी थी, जिसमें सीट शेयरिंग और नए नेतृत्व पर चर्चा होनी थी। बैठक स्थगित होने के बाद बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा पटना लौट आए हैं। सूत्रों की मानें तो अब पटना में ही शनिवार को बड़े नेताओं के बीच अगले मुख्यमंत्री के चेहरे और कैबिनेट विस्तार जैसे मुद्दों पर अंतिम मंथन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *