चाईबासा: स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस का होगा आयोजन
चाईबासा: स्वास्थ्य विभाग की ओर से 25 अप्रैल को पूरे जिले में विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाएगा। मलेरिया के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।

विश्व मलेरिया दिवस कार्यक्रम को लेकर पश्चिमी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ सुशांतो मांझी ने गुरूवार को पत्रकारों से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला मलेरिया प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, लेकिन लगातार इसके मामलों में गिरावट आ रही है। स्वास्थ्य विभाग की कोशिश है कि जिले में मलेरिया के मामलों को न्यूनतम किया जाए। इसके लिए हर स्तर पर जागरूकता की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य उप केंद्र, ग्राम सभा और विद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम के जरिए ही मलेरिया को रोका जा सकता है। इसके लिए कार्यशाला आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
