गर्मी से राहत के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच टोपी, चश्मा, छाता और गमछा का वितरण
जमशेदपुर : प्रचंड गर्मी के बीच शहर के चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने वाले ट्रैफिक पुलिस के जवानों को गर्मी से राहत देने के लिए छाता, चश्मा, टोपी और गमछा वितरित किए गए. एसएसपी कार्यालय में इसके लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इसमें एसएसपी किशोर कौशल ने सभी को गर्मी से बचने के लिए सामग्री प्रदान की. ये सभी राहत सामग्री कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत शाह स्पंज एंड पावर कंपनी द्वारा उपलब्ध कराई गई है. कंपनी की यह सामाजिक पहल ट्रैफिक जवानों की कठिन ड्यूटी परिस्थितियों को देखते हुए की गई है, जो दिनभर तेज धूप में चौराहों पर तैनात रहते हैं.एसएसपी किशोर कौशल ने जानकारी दी कि सभी प्रमुख ट्रैफिक पोस्टों पर पानी के घड़े भी लगाए जाएंगे, जिससे ट्रैफिक कर्मियों के साथ-साथ राहगीरों को भी राहत मिलेगी।

साथ ही ओआरएस के पैकेट्स भी पोस्टों पर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि पुलिस कर्मी गर्मी से आंशिक सुरक्षा पा सकें. एसएसपी ने इसे एक छोटा लेकिन संवेदनशील प्रयास बताते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों की सेवा के प्रति यह एक जिम्मेदारी और सम्मान की भावना से प्रेरित कदम है. उन्होंने शाह स्पंज एंड पावर कंपनी को इस सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।
