क्या आप जानते हैं? रामानंद सागर की ‘रामायण’ में ‘दशरथ’ और ‘कौशल्या’ रियल लाइफ में भी थे पति-पत्नी
नयी दिल्ली : रामानंद सागर की सुपरहिट ‘रामायण’ के मुख्य कलाकार, बाल धुरी और जयश्री गडकर, रियल लाइफ में भी पति-पत्नी थे. इस बारे में हममें से बहुत कम लोग ही जानते हैं.क्या आप जानते हैं? स्वर्गीय रामानंद सागर का सुपरहिट टीवी शो ‘रामायण’ सिनेमा के इतिहास में सबसे पॉपुलर टेलीविजन शोज़ में से एक है. इसे रामानंद सागर ने बनाया, लिखा और डायरेक्ट भी किया था. शो में ‘भगवान राम’ के रूप में अरुण गोविल, ‘देवी सीता’ के रूप में दीपिका चिखलिया, ‘लक्ष्मण’ के रूप में सुनील लहरी थे.

अरविंद त्रिवेदी ‘रावण’ के रूप में, और दारा सिंह ‘हनुमान’ के रूप में. रामायण, साल 2020 में COVID-19 की वजह से हुए लॉकडाउन के दौरान दूरदर्शन पर फिर से प्रसारित की गई थी. इतना ही नहीं यह शो 77 मिलियन से व्यूज़ के साथ दुनिया में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला टीवी शो भी बन गया था.इस बात से कोई इंकार नहीं है कि रामायण भारतीयों के लिए सिर्फ एक शो से कहीं ज्यादा है, क्योंकि शो का हर किरदार दर्शकों के दिलों में एक खास जगह रखता है. हालांकि, शो के दो प्रमुख अभिनेताओं, बाल धुरी और जयश्री गडकर के रिश्ते के बारे में बहुत कम लोग वाकिफ हैं. रामायण में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया की शानदार केमिस्ट्री के अलावा, बाल धुरी और जयश्री गडकर ने अपने-अपने प्रदर्शन से दर्शकों के दिलों में गहरा प्रभाव छोड़ा था. जहां बाल धुरी ने भगवान राम के पिता ‘राजा दशरथ’ का किरदार निभाया था,

वहीं दिवंगत जयश्री गडकर ने राजा दशरथ की ऑन-स्क्रीन पत्नी ‘कौशल्या’ का किरदार निभाया था. हालांकि, बाल धुरी और जयश्री गडकर असल जिंदगी में पति-पत्नी थे, बाल धुरी एक लोकप्रिय मराठी एक्टर हैं, जिन्होंने जय बजरंग बली (1976), द ग्रेट मराठा (1994), तेरे मेरे सपने (1996), और जैसी कई प्रसिद्ध हिंदी फिल्मों में भी काम किया था. दूसरी तरफ, जयश्री गडकर भी एक फेमस मराठी अभिनेत्री थीं, जो सावाल माझा आइका जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं. इसके अलावा जयश्री एक ट्रेंड डांसर भी थीं. उन्होंने 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था. 29 अगस्त, 2008 को जयश्री का निधन हो गया था.
