खरसावां के हरिभंजा में धुलौट व कुंज विसर्जन के साथ हरिनाम संकीर्तन संपन्न
खरसावां : खरसावां के हरिभंजा गांव में शुक्रवार को दो दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का समापन हो गया। सोमवार को निर्धारित समय पर कुंज बिसर्जन व धुलौट किया गया। इस दौरान पुरोहितों के साथ साथ श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण की पूजा अर्चना की। साथ ही हवन पूजन कर श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित की. धुलौट व कुंज विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण की प्रतिमा पर रंग-गुलाल लगाते हुए परिक्रमा की।

इसके पश्चात लोगों ने एक दूसरों को रंग-गुलाल लगा कर राधा-कृष्ण की प्रतिमा को पूरे गांव का भ्रमण कराया, फिर देर रात प्रतिमा विसर्जन किया गया। अक्षय तृतीया से लगातार दो दिनों तक संकीर्तन के दौरान गांव में का माहौल भक्ति पूर्ण बना रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंच कर पूजा अर्चना की। संकीर्तन में शामिल होने व राधा-कृष्ण की परिक्रमा करने के लिये बड़ी संख्या में श्रद्धालु की भीड़ उमड़ पड़ी। संकीर्तन में खरसावां के संतारी के साथ साथ बंगाल से आये संकीर्तन दलों द्वारा संकीर्तन पेश किया गया। हरिनाम संकीर्तन में मुख्य रुप से सांतरी, खुदीपीडी, पांड्रा, रांगामाटिया, उदालखाम व गम्हरिया के संकीर्तन दल द्वारा भक्तिपूर्ण हरिनाम संकीर्तन कर समां बांधा. मौके पर पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का भी वितरण किया गया.

संकीर्तन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. स्थानीय विधायक दशरथ गागराई समेत बड़ी संख्या में लोगों में संकीर्तन स्थल पर पहुंच कर राधा-कृष्ण की पूजा अर्चना की. मौके पर आयोजन समिति की ओर से विधायक को अंगवस्त्र दे कर सम्मानित किया गया. दो दिनों तक श्रद्धालु राधा-कृष्ण की भक्ति रस में डूबे रहे. श्रद्धालु राधे-राधे के जय घोष लगाते रहे. विसर्जन के दौरान रंग-गुलाल उड़ाते हुए नृत्य भी किया.

