सरायकेला में हेरा पंचमी ( रथ भंगनी ) संपन्न

हेरा पंचमी रथयात्रा के दौरान किया जाने वाला एक महत्वपूर्ण अनुष्ठान है।रथयात्रा के पांचवें दिन,यह अनुष्ठान आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष में माता महालक्ष्मी द्वारा किया जाता है।हेरा पंचमी मुख्य रूप से गुण्डिचा मंदिर में मनाई जाती है।इस दिन मुख्य मंदिर अर्थात जगन्नाथ धाम श्रीमंदिर से भगवान जगन्नाथ की पत्नी माता लक्ष्मी जो सुवर्ण महालक्ष्मी के रूप में गुंडिचा मंदिर में आती हैं। उन्हें श्रीमंदिर से गुण्डिचा मंदिर तक पालकी में ले जाया जाता है,जहाँ पुजारी उन्हें गर्भगृह में ले जाते हैं और भगवान जगन्नाथ से मिलाते हैं।सुवर्ण महालक्ष्मी भगवान जगन्नाथ से मुख्य मंदिर अपने जगन्नाथ धाम श्रीमंदिर में वापस चलने का आग्रह करती हैं।

भगवान जगन्नाथ उनके अनुरोध को स्वीकार करते हैं और माता लक्ष्मी को उनकी सहमति के रूप में एक माला (सनमाति माला) देते हैं।फिर शाम को माता लक्ष्मी गुंडिचा मंदिर से जगन्नाथ मंदिर लौटती हैं।मुख्य मंदिर प्रस्थान से पहले, वह क्रोधित हो जाती है और अपने एक सेवक को भगवान जगन्नाथ का रथ के एक हिस्से को नुकसान पहुंचाने का आदेश देती है, जिसे रथ भंगनी कहा जाता है। कुछ समय बाद गोपनीय मार्ग के माध्यम से देर शाम को माता लक्ष्मी जगन्नाथ धाम श्रीमंदिर पहुँच जाती हैं। हेरा पंचमी श्रीमंदिर के महत्वपूर्ण अनुष्ठानों में से एक है। भगवान जगन्नाथ के हजारों भक्त इस अनोखे अनुष्ठान का आनंद लेते हैं।
