Republic Day 2023: CM ने दुमका में किया ध्वजारोहण, बोले- हर वायदे को पूरा कर रही सरकार
दुमका: गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड की उपराजधानी दुमका के पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा की राज्य में सरकार के गठन के बाद उन्होंने जो संकल्प लिया था, उसे अब वे पूरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने के वायदे को एक अक्टूबर 2022 से लागू किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1932 के खतियान के आधार पर झारखंड के मूल निवासी को परिभाषित करने और सरकारी नौकरियों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लिए तय आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से संबंधित दोनों विधेयकों को विधान सभा से पारित कराया गया है।
कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने रहे
हेमंत सोरेन कल्याणकारी योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि ग्रीन राशन कार्ड, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो-झानों आशीर्वाद अभियान, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, छात्रवृत्ति योजना, सर्वजन पेंशन योजना जैसी कई लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों तथा जरूरतमंदों को लाभान्वित किया जा रहा है। ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के जरिए सरकार गांवों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है।
शैक्षणिक सूचकांक में स्थिति हुई बेहतर
शिक्षा पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास तेज है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी किए गए शैक्षणिक सूचकांक में बीते एक साल में राज्य के प्रदर्शन में 29 अंकों का इजाफा हुआ है, जो कि पूरे देश में सर्वाधिक है। अल्पसंख्यक विद्यालयों की बहुत पुरानी मांग को मानते हुए वित्त रहित शिक्षा नीति के तहत 46 मान्यता प्राप्त मदरसों और 33 संस्कृत विद्यालयों के अनुमान्य अनुदान की राशि को बढ़ा कर दोगुना कर दिया गया है।
विद्यार्थियों की सहायता के लिए शुरू की गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना
राज्य के वैसे छात्र जो 10 और 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण होने के बाद आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं, उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए गुरूजी स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना के जरिए छात्रों को बैंकों के माध्यम से चार प्रतिशत साधारण ब्याज की दर से अधिकतम 15 लाख रुपये तक की राशि ऋण के रूप में उपलब्ध कराने का प्राविधान है। वहीं यहां के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था प्रदान करने के उद्देश्य से एकलव्य प्रशिक्षण योजना की शुरुआत की गई है।
उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग की सुविधा
सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, विधि, फैशन टेक्नोलाजी,फैशन डिजाइनिंग, जनसंचार, चार्टर्ड एकाउंटेंट आईसीडब्लूए से संबंधित प्रवेश परीक्षा के तैयारी हेतु निश्शुल्क कोचिंग की सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सारथी योजना का शुभारंभ किया गया है। इस योजना के तहत प्रतिवर्ष दो लाख युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। किशोरी समृद्धि योजना पर उन्होंने कहा कि राज्य में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना प्रारंभ की गई है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में अब तक कुल साढ़े पांच लाख बालिकाओं को योजना का लाभ दिया गया है।
मुख्यमंत्री रोजगार योजना की हुई शुरुआत
राज्य के अनुसूचित जनजाति,अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांग युवाओं को स्वरोजगार व स्वयं के व्यवसाय शुरू करने के लिए सुगम एवं सस्ते दर पर ऋण एवं ऋण पर अनुदान का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना प्रारंभ की गई है।
चिकित्सा के लिए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना
सीएम ने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के प्रभावित व्यक्तियों की चिकित्सा के लिए देय सहायता अनुदान की राशि को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया है। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत कुल लगभग 34 लाख लाभुकों को प्रतिमाह प्रति लाभुक 1000 रुपये पेंशन राशि का भुगतान किया जा रहा है। राज्य सरकार ने संचालित सर्वजन पेंशन योजना के अन्तर्गत 20 लाख से अधिक वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग जनों को पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर किसानों पर भी बात की। सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना से ऐसे किसान, जिन्होंने इस साल बोआई नहीं किया है या जिनकी फसल क्षति 33 प्रतिशत से अधिक है या फिर भूमिहीन कृषक मजदूर हैं, उन्हें प्रति कृषक परिवार 3500 रुपये खाते में हस्तांतरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड कृषि ऋण माफी योजना के तहत अब तक लगभग चार लाख 20 हजार लाभुकों को कुल 1671 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया है।
मेगापाइप पाइपलाइन सिंचाई
दुमका में मेगापाइप पाइपलाइन सिंचाई योजना पर काम शुरु हो चुक है। इस योजना से दुमका में 22 हजार हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। देवघर के सिकटिया पाइपलाइन सिंचाई योजना भी जल्द ही शुरू की जाएगी। इस योजना से 14 हजार हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
सेनानियों के आश्रितों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
खेल कूद पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के निमित सार्वजनिक निवेश के अतिरिक्त निजी क्षेत्र की भी सहभागिता प्राप्त की जा रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने परेड व झांकियों का अवलोकन कर अव्वल तीन को पुरस्कृत किया। स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को भी उन्होंने सम्मानित किया।
