संजू सैमसन ने तोड़ा धोनी का बड़ा रिकॉर्ड, CSK के लिए ऐसा करने वाले पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बने
Sanju Samson Record: आईपीएल 2026 के 63वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने थीं। इस महत्वपूर्ण मुकाबले के दौरान चेन्नई की ओर से खेल रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने एक अभूतपूर्व उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के इतिहास में किसी एक सीजन के दौरान बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही सैमसन ने महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल के इस ऑल-टाइम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
धोनी ने साल 2013 के आईपीएल सीजन में 16 पारियां खेलते हुए कुल 461 रन बनाए थे। सैमसन को उनका यह रिकॉर्ड ध्वस्त करने के लिए मुकाबले में केवल 12 रनों की आवश्यकता थी। केरल के इस धाकड़ खिलाड़ी ने मैदान पर आते ही मात्र 6 गेंदों में 15 रन बनाकर इस ऐतिहासिक माइलस्टोन को हासिल कर लिया।

हैदराबाद के खिलाफ संजू जल्दी लौटे पवेलियन
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ज्यादा लंबी पारी नहीं खेल सके और जल्दी आउट हो गए। उन्होंने 13 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से तेज तर्रार 27 रन बनाए। सैमसन का प्रदर्शन इस सीजन में लाजवाब रहा है, जहां उन्होंने अब तक खेले 13 मैचों में शानदार 477 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी बेहद प्रभावशाली (164.23) रहा है।
CSK के विकेटकीपर द्वारा एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा रन:
- संजू सैमसन: 477 रन (2026 सीजन)
- महेंद्र सिंह धोनी: 461 रन (2013 सीजन)
- महेंद्र सिंह धोनी: 455 रन (2018 सीजन)
- महेंद्र सिंह धोनी: 416 रन (2009 सीजन)
चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए विकेटकीपर के रूप में एमएस धोनी का दबदबा ऐसा रहा है कि इस स्पेशल क्लब की टॉप-10 लिस्ट में उनके अलावा सिर्फ संजू सैमसन ही अपनी जगह बना पाए हैं। देखा जाए तो चेन्नई के आईपीएल इतिहास में एक सीजन के अंदर 100 से ज्यादा रन बनाने का गौरव अब तक सिर्फ तीन विकेटकीपरों को ही मिला है, जिनमें एमएस धोनी और पार्थिव पटेल के बाद अब संजू सैमसन का नाम भी सुनहरे अक्षरों में जुड़ गया है।
