Categories

September 17, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

जमशेदपुर में धूमधाम से मनाया गया सिख समाज के 10वें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह का 358वां जन्म दिहाड़ा, निकला भव्य नगर कीर्तन

सिख समाज के 10वें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह का 358वां जन्म दिहाड़ा सोमवार को जमशेदपुर में धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर टेल्को गुरुद्वारा परिसर से भव्य नगर कीर्तन निकला, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम में साकची गुरुद्वारा परिसर पहुंच कर संपन्न हुआ.

पंज प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. साकची गुरुद्वारा परिसर पहुंचने पर नगर कीर्तन में शामिल पालकी साहिब, जिस पर गुरु महाराज सवार थे उनका स्वागत पुष्प वर्षा के साथ किया गया. नगर कीर्तन टेल्को, तार कंपनी, टिनप्लेट, गोलमुरी, आरडी टाटा गोलचक्कर होते हुए हावड़ा ब्रिज होकर साकची गुरुद्वारा शाम में पहुंचा. इसमें श्रद्धालुओं ने बसंती, नीली दस्तार और ओढ़नी धारण कर पालकी साहिब का स्वागत किया। इसके लिए शहर भर के सभी गुरुद्वारों में कीर्तन के लिए विशेष दीवान सजाया गया और गुरुद्वारों में अटूट लंगर की व्यवस्था की गई थी।

जत्थे में घुड़सवार, गतका पार्टी, विभिन्न स्कूल, सीजीपीसी, जाग्रति मंच, निशान साहिब और अकाली दल के पांच प्यारे साहिबान, पालकी साहिब, गुरुप्यारी साध संगत, स्त्री सत्संग सभा, कीर्तनी जत्थे, सफाई टीम ने नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। इसमें मुख्य रूप से सांसद विद्युत वरण महतो शामिल हुए, उन्हें सीजीपीसी की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. मालूम हो कि श्री गुरु गोविंद सिंह का जन्मदिन साल 2025 में दो बार मनाया जायेगा. पौष शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि इस साल दो दिन पड़ रही है. सोमवार 6 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह की 358वीं जयंती मनायी जायेगी, तो वहीं 27 दिसंबर को उनकी 359वीं जन्म वर्षगांठ मनायी जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *