सरायकेला में चेकिंग से बचने के प्रयास में दो बाइकों की जोरदार टक्कर, ढ़ाई वर्षीय बच्ची और पिता गंभीर रूप से घायल
सरायकेला जिला नियोजनालय के पास गुरुवार को ट्रैफिक चेकिंग दौरान नियमों से बचने के प्रयास में दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति और उसकी ढ़ाई वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गम्हरिया निवासी विशाल दास और प्रेम प्रधान अपनी बाइक पर गैस सिलेंडर भरवाने जा रहे थे। ट्रैफिक चेकिंग पॉइंट पर पहुंचते ही उन्होंने चेकिंग से बचने के लिए बाइक को यू टर्न लेने के दौरान पीछे से आ रही सिंधुकोपा निवासी भैरव महतो की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद विशाल दास और प्रेम प्रधान मौके से फरार हो गए। जबकि भैरव महतो और उसकी ढ़ाई वषौय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगो और ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत घायल पिता और बच्ची को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टर के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर है। हादसे के बाद पुलिस ने फरार बाइक सवारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक चेकिंग से बचने की कोशिश में यह हादसा हुआ है जिसे दूसरे बाइक सवार और उसकी बच्ची को नुकसान उठाना पड़ा। पुलिस ने वाहन चालको से अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और चेकिंग से बचने के लिए जोखिम भरा कदम न उठाएं।
