नारायण आई.टी.आई चांडिल में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
नारायण आई.टी.आई, लूपुंगदीह, चांडिल में 16 अगस्त 2025 को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।समारोह में मुख्य रूप से प्रोफेसर सुदिष्ठ कुमार, ट्रस्टी सह अधिवक्ता निखिल कुमार तथा संस्थान के स्टाफ सदस्य पवन महतो, अजय मंडल, देवाशीष, शशि भूषण, कृष्णा जी, गौरव जी, जयदीप जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस अवसर पर निदेशक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा:“अटल जी केवल एक प्रख्यात राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी विचारक और सच्चे राष्ट्रभक्त थे। उनका पूरा जीवन देश की सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। वे हमें यह सिखाते हैं कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, संवाद और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ा जा सकता है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।”

वक्ताओं ने भी वाजपेयी जी के राजनीतिक जीवन, काव्य प्रतिभा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की चर्चा करते हुए उन्हें महान नेता के रूप में याद किया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई।
