प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित
सरायकेला-खरसावां, 12 अक्टूबर 2026
सोमवार (भाग्य सागर)

समाहरणालय सभागार में प्रमंडलीय आयुक्त, कोल्हान, पश्चिमी सिंहभूम, रवि रंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में जिले में दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सरायकेला-खरसावां उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी, उप विकास आयुक्त, रीना हांसदा, अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला अभिनव प्रकाश, नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम एजाज अनवर, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था हेतु की गई तैयारियों की समीक्षा की गई।

प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी पूजा समितियों को पूजा पंडालों के मुख्य प्रवेश द्वार एवं आसपास के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आसपास के दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने का निर्देश दिया। अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष का संचालन सुनिश्चित करने तथा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से विभिन्न पूजा पंडालों एवं प्रमुख स्थलों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी करने और संबंधित गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित ध्वनि मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप करने तथा किसी भी धर्म, भाषा या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले गीतों के प्रसारण पर रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आदित्यपुर एवं गम्हरिया सहित जिले के उन क्षेत्रों में स्थित पूजा पंडालों, जहां श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ जुटती है, वहां सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पूजा पंडालों के आसपास दुकानों को व्यवस्थित रूप से लगाने तथा अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। महिला सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यकता अनुसार महिला पुलिसकर्मियों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा पूजा पंडालों के आसपास चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, भीड़ एवं यातायात की स्थिति को देखते हुए बड़े वाहनों के मार्ग में आवश्यकतानुसार परिवर्तन करने की कार्ययोजना पूर्व से तैयार रखने का भी निर्देश दिया गया।

त्योहार के दौरान अवैध एवं नकली शराब की बिक्री पर रोक लगाने हेतु अधीक्षक उत्पाद एवं पुलिस प्रशासन को कार्ययोजना तैयार कर नियमित जांच एवं औचक निरीक्षण करने, अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
पर्व-त्योहार के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर खाद्य प्रतिष्ठानों तथा बसों की नियमित जांच एवं निगरानी करने का निर्देश दिया गया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
पूजा पंडालों का सुरक्षा ऑडिट कराने तथा संबंधित विभागों से आवश्यक प्रमाण-पत्र निर्धारित समय पर प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। पंडालों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर नियमित निगरानी रखने तथा भ्रामक, आपत्तिजनक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रसार पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया।

