Categories

Recent Posts

November 3, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के जमशेदपुर उपकेंद्र द्वारा कांड्रा पंचायत में चलाया गया सतर्कता जागरूकता अभियान

सरायकेला-खरसावां, 02 नवंबर 2026,
सोमवार (भाग्य सागर)

पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के जमशेदपुर उपकेंद्र द्वारा जिले के कांड्रा पंचायत कार्यालय परिसर में आज सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों, उसकी रोकथाम और शिकायत दर्ज कराने के विभिन्न माध्यमों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पावर ग्रिड के प्रबंधक शिवम मरांडी ने भ्रष्टाचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कहीं भ्रष्टाचार की घटना सामने आती है, तो आम नागरिक निर्धारित माध्यमों और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार के प्रति सजग रहने और इसकी रोकथाम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।


वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने भ्रष्टाचार को समाज के विकास में बाधा बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ सभी लोगों को एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर चुप रहने के बजाय संबंधित माध्यमों से शिकायत करनी चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया।


कार्यक्रम में कांड्रा पंचायत की मुखिया शंकरी सिंह, पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, कांड्रा थाना प्रभारी विनोद तिर्की, उपमुखिया रीना बनर्जी सहित पावर ग्रिड के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं व्यवस्थापन कांड्रा के शिवांशु सेल्स द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *