श्वेता क्लॉथ स्टोर में हुइ फायरिंग एक व्यक्ति घायल
सरायकेला जिला के कांड्रा थाना अंतर्गत मुख्य सड़क स्थित श्वेता क्लॉथ स्टोर में रात करीब 9 बजे दो नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग कर दी. दो की संख्या में आए अपराधियों ने गोली चालन की घटना को अंजाम दिया. इस घटना में दुकान में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहक निमाई मंडल को पैर में गोली लग गई, जिन्हें फौरन इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जाता है कि दुकान के मालिक दुर्गा अग्रवाल ग्राहक के लिए कपड़ा लाने भीतर की तरफ गए थे. तभी नकाबपोश अपराधियों ने गोली चला दी. फायरिंग के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. दोनों अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद पैदल ही वहां से फरार हो गए. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंचे कांड्रा थाना प्रभारी पास्कल टोप्पो ने जांच पड़ताल की.श्वेता स्टोर दुकान के मालिक दुर्गा अग्रवाल के फोन पर 20 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की गई थी. मामले को देखते हुए उन्होंने कांड्रा थाना मे केस भी दर्ज कराया था. उस वक्त श्रवण महतो नामक व्यक्ति द्वारा फोन कर रंगदारी की डिमांड की गई थी. जिसके विरुद्ध पुलिस ने कांड भी दर्ज किया था. इधर, नकाबपोश अपराधियों के दुकान में प्रवेश करने और फायरिंग की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. इसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है.
